Move to Jagran APP

हेमकुंड आए 15 पाकिस्तानी श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी, हेली से पहुंचाया गोविंदघाट

हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए आए 15 पाकिस्तानी तीर्थयात्रियों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हेलीकॉप्टर से गोविंदघाट पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। तीर्थयात्रियों ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की और गुरुद्वारा साहिब में भारत-पाकिस्तान के बीच बेहतर संबंधों के लिए प्रार्थना की। चिकित्सकों का कहना था उच्च हिमालयी क्षेत्र में इस तरह की दिक्कत होना सामान्य बात है।

By Devendra rawat Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Tue, 08 Oct 2024 07:09 PM (IST)
Hero Image
हेमकुंड आए 15 पाकिस्तानी श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी

संवाद सहयोगी, जागरण, गोपेश्वर: पाकिस्तान से गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब के दर्शन को पहुंचे 15 तीर्थ यात्रियों की घांघरिया में तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हेलीकाप्टर से गोविंदघाट पहुंचाया गया। यहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

ये तीर्थयात्री पाकिस्तान के हिंदू-सिख तीर्थ यात्रियों उस 87 सदस्यीय जत्थे में शामिल थे, जो छह अक्टूबर को दर्शन के लिए हेमकुंड साहिब पहुंचा था। सात अक्टूबर को इन्हें घांघरिया से गोविंदघाट लौटना था, लेकिन ठंड लगने के कारण इस बीच इनकी तबीयत बिगड़ गई।

पाकिस्तानी तीर्थ यात्रियों का जत्थे ने पांच अक्टूबर को गोविंदघाट से रवाना हुए और छह अक्टूबर को गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब में मत्था टेका। बताया गया कि लौटते हुए हेमकुंड साहिब के बेस कैंप घाघरिया में 15 तीर्थ यात्रियों को सिर दर्द, बदन व हाथ-पैरों में दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी।

घांघरिया चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं को तत्काल हेलीकाप्टर से गोविंघाट चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों का कहना था उच्च हिमालयी क्षेत्र में इस तरह की दिक्कत होना सामान्य बात है। इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।

गुरुद्वारा गोविंदघाट में श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने सरोपा भेंटकर सभी तीर्थ यात्रियों का सम्मान किया। ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि इस जत्थे में 30 महिलाएं व 33 पुरुष व 24 बच्चे शामिल हैं। सभी ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की।

जत्थे के लीडर कपिल कुमार ने बताया कि पाकिस्तानी श्रद्धालु हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर उत्साहित रहते हैं। तीर्थयात्री हितेश कुमार ने बताया कि यात्रा के दौरान उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में पाकिस्तान व भारत के बीच संबंधों की बेहतरी के लिए मनौती मांगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।