Move to Jagran APP

Chamoli: जोशीमठ से औली तक सड़क का होगा चौड़ीकरण, आसान होगा रास्ता; तैयार हो रहा है डीपीआर

Chamoli विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली के लिए जोशीमठ से औली तक सड़क चौड़ीकरण जल्द होगा। बीआरओ के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को अंतिम रूप देकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा जाएगा। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली जाने के लिए जोशीमठ से 14 किमी सिंगल लेन सड़क मार्ग है जिससे पर्यटन सीजन में इस मार्ग पर आए दिन जाम लगता है।

By Devendra rawatEdited By: Swati SinghUpdated: Thu, 16 Nov 2023 09:08 AM (IST)
Hero Image
जोशीमठ से औली तक सड़क का होगा चौड़ीकरण

संवाद सहयोगी, गोपेश्वर। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन(बीआरओ) से विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली के लिए जोशीमठ से औली तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव मांगा है। बीआरओ की ओर से भी जोशीमठ से औली तक 14 किमी क्षेत्र में डबल लेन के बजाय डेढ़ लेन हाईवे को चौड़ीकरण के लिए उपयुक्त मानते हुए सर्वे कार्य किया है।

बीआरओ के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को अंतिम रूप देकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा जाएगा। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली जाने के लिए जोशीमठ से 14 किमी सिंगल लेन सड़क मार्ग है, जिससे पर्यटन सीजन में इस मार्ग पर आए दिन जाम लगता है।

बर्फबारी से खड़ी हो जाती हैं परेशानियां

शीतकाल में औली में बर्फबारी के बाद तो स्थितियां चिंताजनक होती हैं। एक तरफ से संकरी सड़क व दूसरी ओर बर्फ। ऐसे में पर्यटकों को इस खूबसूरत पर्यटक स्थल की सैर को लेकर जाम के कटु अनुभवों से गुजरना पड़ता है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पहले पर्यटक रोपवे से भी औली का दीदार करते थे। लेकिन, इस वर्ष जनवरी में जोशीमठ में भूंधसाव के बाद रोपवे भी बंद पड़ा है। रोपवे के फिलहाल खुलने के आसार नहीं हैं। ऐसे में एक मात्र सड़क मार्ग ही औली जाने का रास्ता है।

औली की सड़कों का होगा विस्तार

स्थानीय निवासियों की मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया था कि वे औली तक बेहतर सड़क का निर्माण कराएंगे। बताया गया कि सीमा सड़क संगठन से जोशीमठ से औली तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव मांगा गया है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Tunnel Collapse: उत्तरकाशी में जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन, सहयोग के लिए पहुंचे यूपी और झारखंड की टीम

जिस पर सीमा सड़क संगठन ने औली तक सर्वे किया है। इस सर्वे में औली तक डेढ़ लाइन सड़क मार्ग के चौड़ीकरण को न्यूनतम आठ व अधिकतम नौ मीटर उपयुक्त बताया गया। इस मोटर मार्ग के चौड़ीकरण में जोशीमठ से सुनील गांव तक स्थानीय लोगों की भूमि अधिग्रहण होनी है। ऐसे में बीआरओ भूमि अधिग्रहण सहित चौड़ीकरण को लेकर डीपीआर बनाने में जुटा हुआ है।

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है औली

औली देश-दुनिया के स्की प्रेमियों की पहली पसंद रही है। यहां पर विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल के रूप में मान्यता प्राप्त स्की स्लोप है। दक्षिण मुखी स्की स्लोप स्कीयरों की पहली पसंद रही है। औली में विंटर गेम का अंतरराष्ट्रीय आयोजन 2011 में हो चुका है। नेशनल गेम यहां आयोजित होते रहते हैं। पांच से सात किमी में फैले औली की ढलानों में घूमने के लिए यहां चेयर लिफ्ट लगी हुई हैं। साथ ही औली में स्कीइंग के अलावा ट्रेकिंग, घुड़सवारी का भी आनंद लिया जाता है।

बन रहा है डीपीआर

औली तक सड़क चौड़ीकरण के लिए बीआरओ डीपीआर बना रहा है। डीपीआर के अनुसार धनराशि उपलब्ध होने के बाद ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य अमल में लाया जाएगा। - कर्नल अंकुर महाजन, कमांडर सीमा सड़क संगठन

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।