Move to Jagran APP

ॠषिकेश में घर के बेडरूम में घुसे पांच सांड, एक तो चढ़ गया डबल बेड पर; जानिए पूरा मामला

तीर्थ नगरी में आवारा गोवंश का आतंक अब सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रह गया है। अब यह नागरिकों के घरों तक पहुंचने लगे हैं। रविवार को बनखंडी निवासी नगर निगम पार्षद अनीता रैना के जेठ के घर में एक गाय और पांच सांड घुस गए।

By Sumit KumarEdited By: Updated: Sun, 06 Dec 2020 10:37 PM (IST)
Hero Image
डबल बेड के ऊपर चढ़े सांड समेत अन्य गोवंश को आसपास मौजूद स्थानीय नागरिकों ने बाहर निकाला।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: तीर्थ नगरी में आवारा गोवंश का आतंक अब सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रह गया है। अब यह नागरिकों के घरों तक पहुंचने लगे हैं। रविवार को बनखंडी निवासी नगर निगम पार्षद अनीता रैना के जेठ के घर में एक गाय और पांच सांड घुस गए। सांड के हमले में घर के बुजुर्ग घायल हो गए। डबल बेड के ऊपर चढ़े सांड समेत अन्य गोवंश को आसपास मौजूद स्थानीय नागरिकों ने किसी तरह से घर से बाहर निकाला।

ऋषिकेश के शहरी इलाके में आवारा गोवंश का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। अब तक इन आवारा पशुओं का आतंक सड़क तक ही सीमित था। इन पशुओं के हमले से कई लोग चोटिल हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों के द्वारा इनके खिलाफ अभियान चलाने की मांग समय-समय पर होती रही है। नगर निगम प्रशासन इस पर कार्रवाई भी करता है लेकिन समस्या का पूरी तरह से समाधान नहीं हो पाया है। अब यह आवारा जानवर नागरिकों के घर तक घुसने लगे हैं। रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे नगर निगम की पार्षद अनीता रैना के बनखंडी स्थित आवास के बगल में उनके जेठ के घर में पांच सांड और एक गाय घुस गए। गृह स्वामी ओंकारनाथ 75 वर्ष को पैरालाइज है। वह शाम के वक्त घर के गेट के पास बैठे थे। उनकी पत्नी राजरानी घर पर काम कर रही थी। उनके पुत्र संदीप और विपिन अपनी दुकान में थे, जबकि पुत्रवधू अंजलि विवाह समारोह में हरिद्वार गई थी। पार्षद अनीता रैना ने बताया कि उनकी पुत्री आजकल मायके आई हुई है। घटना के वक्त उनका सात साल का बेटा घर से बाहर खेलने गया था।

यह भी पढ़ें: Sena Bharti Rally: उत्तराखंड में 20 दिसंबर से शुरू होगी सेना भर्ती रैली, यहां देखे पूरा शेड्यूल

इस बीच घर का गेट खुला हुआ था। अचानक से दौड़ते हुए एक गाय और पांच सांड घर में घुस गए। एक सांड और गाय बेडरूम के भीतर तक पहुंच गए। सांड तो डबल बेड के ऊपर जाकर खड़ा हो गया। बीमार गृह स्वामी कुछ कर पाने की स्थिति में नहीं थे। इन जानवरों के घर में घुसते वक्त एक सांड की टक्कर से उनकी कुर्सी पलट गई और वह जमीन पर गिर गए। उनके पैर पर हल्की चोट आई है। गली में दुकानदारों ने यह सब देखा और सब एकत्र होकर यहां पहुंचे। बड़ी मशक्कत के बाद घर में घुसे इन आवारा पशुओं को घर से बाहर निकाला गया। पार्षद अनीता रैना ने बताया कि इस संबंध में वह सोमवार को नगर आयुक्त से मिलकर आवारा पशुओं के खिलाफ अभियान तेज करने को लेकर बात करेंगी।

यह भी पढ़ें: देहरादून में कोरोना से बचाव को बनाई गाइडलाइन का उल्लंघन कर रहे विक्रम चालक, दस का चालान

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।