Move to Jagran APP

देहरादून-मसूरी हाईवे पर Roadways Bus दुर्घटना की शिकार, मच गया हाहाकार, वीडियो में देखें

Bus Accident in Mussoorie हादसा हाईवे के किंक्रेग लाइब्रेरी रोड पर हुसैनगंज स्थित आईटीबीपी गेट के समीप हुआ। पुलिस फायर और आईटीबीपी में जवान मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से उप जिला चिकित्सालय भिजवाया गया।

By Nirmala BohraEdited By: Updated: Sun, 07 Aug 2022 03:07 PM (IST)
Hero Image
Bus Accident in Mussoorie : देहरादून-मसूरी हाईवे पर रोडवेज बस दुर्घटना की शिकार
संवाद सहयोगी, मसूरी: Bus Accident in Mussoorie:  भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) अकादमी के पास उत्तराखंड परिवहन निगम की सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से 25 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। इस दुर्घटना में चालक समेत बस में सवार 21 लोग घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

भर्ती घायलों में तीन-तीन राजस्थान व उत्तर प्रदेश और दो-दो हरियाणा व दिल्ली के रहने वाले हैं। चालक के अनुसार दुर्घटना बस के ब्रेक फेल होने से हुई। वहीं, जिलाधिकारी सोनिका के साथ एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर और एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना व घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।

वीडियो देखें:- 

रविवार को मसूरी के लाइब्रेरी बस स्टैंड से पर्वतीय डिपो की बस (यूके 07पीए 3268) दोपहर करीब डेढ़ बजे 36 सवारियां लेकर देहरादून के लिए रवाना हुई। चालक और परिचालक को मिलाकर बस में कुल 38 लोग सवार थे। लाइब्रेरी बस स्टैंड से एक किमी आगे आइटीबीपी चेकपोस्ट के पास बस एकाएक अनियंत्रित हो गई और बायीं तरफ पलट गई। इसके बाद बस मार्ग से 25 फीट नीचे आइटीबीपी अकादमी को जाने वाली दूसरी सड़क पर जा गिरी। उस समय मूसलधार वर्षा हो रही थी।

दुर्घटना के बाद बस में मौजूद सवारियों में चीख-पुकार मच गई। आइटीबीपी चेकपोस्ट पर तैनात जवानों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही पुलिस और अग्निशमन सेवा को सूचना दी गई। पुलिस ने आइटीबीपी के जवानों की सहायता से सभी सवारियों और चालक-परिचालक को बस से निकाला।

इनमें से कुछ को उप जिला चिकित्सालय लंढौर और कुछ को आइटीबीपी अस्पाताल पहुंचाया गया। उप जिला चिकित्सालय लंढौर में 11 घायलों को भर्ती कर लिया गया, जबकि अन्य को मामूली चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार देकर जाने दिया गया। उप जिला चिकित्सालय लंढौर में भर्ती एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस कारण अब तक उसकी पहचान भी नहीं हो पाई है। वहीं, आइटीबीपी अस्पताल में 10 घायल भर्ती हैं।

जिलाधिकारी सोनिका ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच करवाई जाएगी। एसएसपी के अनुसार, बस चालक महेंद्र सिंह ने बताया कि स्टैंड से रवाना होने पर बस पूरी तरह ठीक थी। एक किमी आगे जाने पर बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए तो उन्होंने बस को पहाड़ से टकरा दिया। पहाड़ से टकराने के बाद बस सड़क से बाहर चली गई। उन्होंने बताया कि कोरोनेशन, दून और मैक्स अस्पताल को अलर्ट पर रखा गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर घायलों को वहां उपचार हेतु ले जाया जा सके।

उप जिला चिकित्सालय लंढौर में भर्ती घायल

रतन भान व नीरज भान पुत्रगण प्रकाश भान निवासी राजौरी गार्डन (दिल्ली), गजाला पुत्री मो. इस्लाम सहारनपुर (उप्र), रवि किशन पुत्र मेहताब सिंह रोहतक (हरियाणा), संजीव पुत्र हज्जू रोहतक (हरियाणा), नीरज पुत्र गोविंद प्रसाद निवासी राजस्थान, अभिषेक पुत्र सतीश कुमार अग्रवाल निवासी माधोपुर (राजस्थान), अनुराग गर्ग पुत्र विनोद कुमार निवासी सांगानेर (राजस्थान), जोयेश अग्रवाल पुत्र मनोज अग्रवाल और चालक महेंद्र सिंह पुत्र हरि सिंह निवासीगण मेरठ (उप्र)।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।