Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Chardham Yatra 2023: अब दिल्ली से चारधाम के लिए चलेगी सीधी बस, उत्तराखंड परिवहन निगम ने की तैयारी

Chardham Yatra 2023 चारधाम यात्रा में इस बार बाहरी राज्य के श्रद्धालु सीधे दिल्ली से उत्तराखंड परिवहन निगम की बस बुक करा सकेंगे। दिल्ली से बदरीनाथ केदारनाथ (सोनप्रयाग) गंगोत्री व यमुनोत्री धाम तक सीधी बस सेवा संचालित करने की तैयारी कर ली है।

By Ankur AgarwalEdited By: Nirmala BohraUpdated: Sat, 25 Mar 2023 08:44 AM (IST)
Hero Image
Chardham Yatra 2023: राज्य परिवहन निगम की सौ बसों को संचालित किया जाएगा।

अंकुर अग्रवाल, देहरादून: Chardham Yatra 2023: चारधाम यात्रा में इस बार बाहरी राज्य के श्रद्धालु सीधे दिल्ली से उत्तराखंड परिवहन निगम की बस बुक करा सकेंगे। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित परिवहन को लेकर परिवहन निगम इस बार दिल्ली से सीधी बस सेवा उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा।

प्रारंभिक चरण में राज्य परिवहन निगम की सौ बसों को संचालित किया जाएगा। दिल्ली से बदरीनाथ, केदारनाथ (सोनप्रयाग), गंगोत्री व यमुनोत्री धाम तक सीधी बस सेवा संचालित करने की तैयारी कर ली है। प्रदेश के कुमाऊं मंडल से भी चारधाम के लिए परिवहन निगम की सीधी बस चलाने का प्रयास किया जा रहा।

दिल्ली से सीधी बसों का संचालन

चारधाम यात्रा में पहली बार वर्ष 2020 में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों को लगाया गया था। परिणाम सकारात्मक रहा था और इसी वजह से वर्ष 2021 व 2022 में भी चारधाम यात्रा में परिवहन निगम की बसें संचालित की गईं। दिल्ली से सीधी बसों के संचालन के अतिरिक्त परिवहन निगम की बसें हरिद्वार, ऋषिकेश समेत देहरादून बस अड्डे से भी यात्रा के लिए संचालित होंगी।

परिवहन निगम ने पर्वतीय मार्गों की करीब 350 बसों को चारधाम यात्रा के लिए रिजर्व में रखने का आदेश सभी डिपो को दे दिया है। इन बसों की फिटनेस जांच समय से कराने को कहा गया है। विभिन्न मार्गों पर संचालित इन बसों को श्रद्धालुओं की भीड़ के अनुसार संचालित किया जाएगा।

उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन निगम बुकिंग पर दिल्ली से सीधी बस सेवा उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। यात्रियों का समूह धाम के अनुसार दिल्ली से ही निगम की बसों की बुकिंग करा सकेगा।

बुकिंग पर उपलब्ध रहेंगी निगम की बसें

निजी बसों की तरह श्रद्धालु उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों की बुकिंग दिल्ली आइएसबीटी या उत्तराखंड के किसी भी बस अड्डे से करा सकेंगे। इनमें चारों धाम, तीन धाम, दो धाम और एक धाम की बुकिंग शामिल रहेगी।

परिवहन निगम प्रबंधन जल्द इसका किराया निर्धारित करेगा। इसके लिए दिल्ली आइएसबीटी, देहरादून, हरिद्वार व ऋषिकेश बस टर्मिनल पर बुकिंग काउंटर भी खोले जाएंगे। साथ ही यात्री बसों की आनलाइन बुकिंग भी करा सकेंगे।

गंगोत्री-यमुनोत्री में कन्नड़ समेत अन्य भाषाओं में लगेंगे सूचना बोर्ड

पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि इस बार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के अलावा विभिन्न पड़ावों पर हिंदी और अंग्रेजी के साथ गुजराती, कन्नड़, तेलुगू, मराठी और बंगाली भाषा में भी सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इससे अन्य प्रदेशों से आने वाले तीर्थ यात्रियों को आसानी से जरूरी जानकारी मिल सकेगी।

इसके अलावा घोड़ा-खच्चर और डंडी-कंडी का संचालन पूरी तरह प्रीपेड व्यवस्था व रोस्टर के हिसाब से किया जाएगा। इसके लिए फूलचट्टी में घोड़ा-खच्चर पार्किंग बनाई गई है। इतना ही नहीं व्यवस्था तोड़ने और तीर्थ यात्रियों के साथ अभद्रता करने वाले घोड़ा-खच्चर संचालकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।