Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले धामी सरकार का बड़ा एलान, उत्तराखंड के 15 हजार गांवों में चलेगा ये विशेष अभियान

अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के बाल रूप नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को देखते हुए देवभूमि उत्तराखंड में प्रदेश सरकार इन दिनों सांस्कृतिक उत्सव मना रही है। धार्मिक स्थलों सार्वजनिक स्थलों में स्वच्छता अभियान को भी इस उत्सव का हिस्सा बनाया गया है। इसी कड़ी में राज्य की 7795 ग्राम पंचायतों के 15983 गांवों में स्थित मठ-मंदिरों के परिसरों नदियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

By kedar dutt Edited By: Abhishek Pandey Updated: Wed, 17 Jan 2024 07:38 PM (IST)
Hero Image
15 हजार गांवों के मठ-मंदिर परिसरों में भी स्वच्छता अभियान

राज्य ब्यूरो, देहरादून। अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के बाल रूप नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को देखते हुए देवभूमि उत्तराखंड में प्रदेश सरकार इन दिनों सांस्कृतिक उत्सव मना रही है। धार्मिक स्थलों, घाटों, सार्वजनिक स्थलों में स्वच्छता अभियान को भी इस उत्सव का हिस्सा बनाया गया है।

इसी कड़ी में राज्य की 7795 ग्राम पंचायतों के 15983 गांवों में स्थित मठ-मंदिरों के परिसरों, घाटों, जलस्रोतों व नदियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। शासन से मिले निर्देशों के बाद पंचायती राज विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों के लिए सर्कुलर भी जारी कर दिया है।

देवभूमि में उत्साह का माहौल

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर समूची देवभूमि में उत्साह का वातावरण है। विश्व हिंदू परिषद समेत तमाम संगठन घर-घर जाकर अयोध्या में पूजित अक्षत, श्रीराम मंदिर का चित्र और प्राण प्रतिष्ठा समारोह से संबंधित पत्रक वितरित कर रहे हैं। सभी शहरों व प्रमुख स्थानों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सरकार भी इसमें भागीदारी कर रही है।

मकर संक्रांति से राज्य में सांस्कृतिक उत्सव शुरू हुआ है, जो 22 जनवरी तक चलेगा। सभी विभाग इसमें भागीदारी कर रहे हैं। यही नहीं, राज्य में 21 जनवरी तक स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जा रहा है, जो सांस्कृतिक उत्सव का ही हिस्सा है। नगर निकायों में इसकी शुरुआत हो चुकी है।

चलाया जाएगा स्वच्छता का अभियान

इसी कड़ी में गांवों में स्थित मठ-मंदिरों के परिसर समेत अन्य स्थानों पर स्वच्छता अभियान जोर-शोर से संचालित करने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है। राज्य के 15983 गांवों में से प्रत्येक में औसतन दो छोटे-बड़े मठ, मंदिर हैं। इन मंदिरों के परिसरों को साफ-सुथरा बनाने के साथ ही इन्हें जोडऩे वाले रास्तों, जलस्रोतों व नदियों में भी स्वच्छता अभियान चलना है।

संस्कृति एवं पंचायती राज सचिव हरि चंद्र सेमवाल की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में विभाग ने भी ग्राम पंचायतों को इस बारे में सर्कुलर जारी किया है। उप निदेशक पंचायती राज मनोज कुमार तिवारी के अनुसार सभी ग्राम पंचायतें 21 जनवरी तक यह कार्य पूर्ण करेंगी। इसके लिए 15वें वित्त आयेाग से प्राप्त अनुदान से राशि खर्च की जा सकती है।

उत्तराखंड में जिलेवार राजस्व ग्राम

जिला, संख्या

पौड़ी, 3384

अल्मोड़ा, 2235

पिथौरागढ़, 1594

टिहरी, 1801

चमोली, 1194

नैनीताल, 1024

बागेश्वर, 876

चंपावत, 685

उत्तरकाशी, 668

रुद्रप्रयाग, 659

देहरादून, 646

ऊधम सिंह नगर, 618

हरिद्वार, 599

इसे भी पढ़ें: राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिया विवेचक से दोबारा जिरह के लिए प्रार्थनापत्र, 2012 का है मामला

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें