Move to Jagran APP

वन विकास निगम के कर्मचारियों ने की यात्रा भत्ते की मांग की

वन विकास निगम के कर्मचारियों ने फील्ड ड्यूटी में यात्रा भत्ता समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को डालनवाला स्थित निगम मुख्यालय में धरना दिया। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक पूर्व की भांति यात्रा भत्ता नहीं दिया जाता है तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

By Sunil NegiEdited By: Updated: Tue, 16 Mar 2021 12:06 PM (IST)
Hero Image
वन विकास निगम के कर्मचारियों ने की यात्रा भत्ते की मांग की।

जागरण संवाददाता, देहरादून। वन विकास निगम के कर्मचारियों ने फील्ड ड्यूटी में यात्रा भत्ता समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को डालनवाला स्थित निगम मुख्यालय में धरना दिया। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक पूर्व की भांति यात्रा भत्ता नहीं दिया जाता है, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। मुख्यालय के क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश त्रिपाठी के आश्वासन पर कर्मचारियों ने धरना समाप्त किया।

सोमवार को संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष हरदेव सिंह रावत की अध्यक्षता में वन विकास निगम कर्मचारी निगम मुख्यालय के प्रांगण में जुटे। यहां कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रावत ने कहा कि पूर्व में फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों को यात्रा भत्ता दिया जाता था, लेकिन निगम प्रबंधन ने नियमों में बदलाव कर इसे बंद कर दिया। प्रांतीय महामंत्री गिरीश नैथानी ने कहा कि ऑडिट के नाम पर कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। कहा कि कुछ मांगों पर सहमति बनी है, अगर वे जल्द पूरी नहीं होती तो परिवार सहित अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जाएगा। धरने में महासंघ के महामंत्री सूर्यप्रकाश रानाकोठी, संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष ललित शर्मा, प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरदेव उनियाल, सहजाद अली, प्रकाश जोगी, युति सिंह राणा, मचन कपरवाण, बृजमोहन कन्याल, गोविंद सिंह रौथाण, यसपाल चौहान, पदम दास, सोहन लाल आदि मौजूद रहे।

उपनल कर्मियों के साथ अनशन पर बैठेंगे धस्माना

नियमितीकरण व समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग को लेकर उपनल कर्मियों का आंदोलन सोमवार को 22वें दिन भी जारी रहा। उपनल कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारी एकता विहार स्थित धरना स्थल पर डटे हैं। सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना भी उपनल कर्मियों के बीच पहुंचे और उनके आंदोलन को समर्थन दिया। एलान किया कि मंगलवार को वह भी उपनल कर्मियों के साथ क्रमिक अनशन पर बैठेंगे।

धस्माना ने कहा कि सरकार को उपनल कर्मियों के मामले में उच्च न्यायालय नैनीताल के निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी में जाने के निर्णय को वापस लेना चाहिए। उधर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भी धरना स्थल में पहुंचकर उपनल कर्मियों के आंदोलन का सर्मथन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता महेश जोशी, देवेंद्र बुटोला आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें-बैंकों को निजी हाथों में सौंपने के विरोध में बैंक कर्मियों का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।