Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बोले- आत्मनिर्भर भारत का प्रमाणिक प्लेटफार्म है हुनर हाट

केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय की ओर से हुनर हाट का आयोजन किया गया है। इसमें केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी सीएम पुष्कर सिंह धामी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत नरेश बंसल और महापौर सुनील उनियाल गामा मौजूद हैं।

By Raksha PanthriEdited By: Updated: Sat, 30 Oct 2021 12:23 AM (IST)
Hero Image
दून में हुनर हाट, लोकल फार वोकल को दिया जा रहा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Hunar Hat  आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय के तत्वावधान में 10 दिवसीय 'हुनर हाट' शुक्रवार से यहां शुरू हो गया। देश में हुनर हाट श्रृंखला का यह 30 वां आयोजन है। इसमें 30 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के 500 दस्तकार, शिल्पकार व कारीगर अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस मौके पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हुनर हाट स्वदेशी स्वावलंबन और आत्मनिर्भर भारत का सशक्त व प्रमाणिक प्लेट फार्म है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के शिल्पियों, दस्तकारों व कारीगरों के उत्पादों को अन्य राज्यों में बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।

श्री गुरु नानक पब्लिक गर्ल्‍स इंटर कालेज के रेसकोर्स स्थित मैदान में आयोजित हुनर हाट का उदघाटन केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री नकवी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'लोकल फार वोकल' संकल्प को आगे बढ़ाने में हुनर हाट महत्वपूर्ण साबित हुए हैं। उन्होंने हुनर हाट की अवधारणा को भी रेखांकित किया और कहा कि इसके माध्यम से पूरा देश एक जगह नजर आता है। स्वदेशी विरासत के शानदार, जानदार लोग इसका हिस्सा बने हैं। हुनर हाट से देश में पौने छह लाख शिल्पकारों, दस्तकारों व कारीगरों को रोजगार के अवसर मिले हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हुनर हाट सराहनीय प्रयास है। इससे जहां बाजारों को उत्पाद मिलेगा, वहीं उत्पादों को बाजार। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के उत्पाद भी देश में चमक बिखेर रहे हैं। इस कड़ी में सरकार ने एक जिला दो उत्पाद योजना शुरू की है।

उन्होंने प्रदेश में उद्योग, पर्यटन, सड़क, रेल व हवाई कनेक्टिविटी को उठाए गए कदमों का उल्लेख भी किया। साथ ही केंद्रीय मंत्री नकवी से आग्रह किया कि यहां के सीमांत, जनजातीय क्षेत्रों के उत्पादों को अन्य राज्यों में बाजार मुहैया कराने को योजना बनाई जाए। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत ने भी विचार रखे।

बाद में पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा कि हुनर हाट के अगले आयोजनों के साथ ही अन्य राज्यों में यहां के उत्पादों को बाजार मुहैया कराने को पूरे प्रयास किए जाएंगे। वह यह भी चाहते हैं कि उत्तराखंड में सालभर में दो हुनर हाट हों। चीनी उत्पादों से संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी लोग लोकल के प्रति वोकल होंगे तो शिकायत दूर हो जाएगी। टी-20 क्रिकेट वर्ल्‍ड कप में भारत- पाकिस्तान के मैच के बाद क्रिकेटर शमी को ट्रोल करने संबंधी सवाल को वह टाल गए और कहा कि इसका जवाब टीम इंडिया के कप्तान दे चुके हैं।

यह भी पढें- टिहरी : लामरीधार में ढोल सागर का शंखनाद, पद्मश्री प्रीतम भरतवाण ने दी प्रस्तुति 

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें