Move to Jagran APP

उत्‍तराखंड : हेल्पलाइन नंबर 112 पर दे सकते हैं अफगानिस्तान में फंसे व्यक्तियों की सूचना

उत्तराखंड के जो लोग अफगानिस्तान में हैं और स्वदेश आना चाहते हैं उनके स्वजन संबंधित व्यक्ति का नाम पासपोर्ट व अन्य विवरण अपने जिले के जिलाधिकारी या एसएसपी को सूचित कर सकते हैं। अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि इस सूचना हेल्पलाइन 112 पर दी जा सकती है।

By Sunil NegiEdited By: Updated: Wed, 18 Aug 2021 10:33 PM (IST)
Hero Image
अफगानिस्तान में फंसे व्यक्तियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी दी जा सकती है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। अफगानिस्तान में फंसे व्यक्तियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी दी जा सकती है। इसके साथ ही सरकार ने अफगानिस्तान से वापस आने के इच्छुक व्यक्तियों के स्वजन से अपने जिले के जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर संबंधित व्यक्ति के पासपोर्ट व अन्य विवरण देने को कहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अफगानिस्तान में फंसे उत्तराखंड के व्यक्तियों को वापस लाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने उनसे अफगानिस्तान में फंसे प्रदेशवासियों को वहां से जल्द निकालने का अनुरोध किया।

अफगानिस्तान में इस समय सत्ता बदल चुकी है। वहां अभी युद्ध का माहौल है। अफगानिस्तान में उत्तराखंड के कई व्यक्ति विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। अफगानिस्तान के माहौल को देखते हुए यहां उनके स्वजन खासे चिंतित हैं। वे इस संबंध में इंटरनेट मीडिया व अन्य स्रोतों के माध्यम से मुख्यमंत्री व सरकार से अपनों की सकुशल वापसी के लिए गुहार लगा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार ने अब अफगानिस्तान में फंसे प्रदेशवासियों को वापस लाने के लिए कवायद शुरू कर दी है।

इसके तहत सरकार ने स्वदेश वापस आने के इच्छुक व्यक्तियों के स्वजन से पासपोर्ट समेत सभी जानकारियां जिलाधिकारी अथवा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि उनकी सूची तैयार कर केंद्र को भेजी जा सके। इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी दी जा सकती है। इस नंबर का इस्तेमाल पुलिस से सहायता लेने और साइबर फ्राड की जानकारी देने के लिए होता है।

यह भी पढ़ें:-उत्तराखंड के 140 नागरिक अफगानिस्तान में फंसे, यहां उनके स्वजन हो रहे परेशान

उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार को भी अफगानिस्तान में फंसे उत्तराखंड के व्यक्तियों की चिंता है। इस संबंध में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और विदेश मंत्रालय से बात की गई है। उन्हें उत्तराखंड के निवासियों के संबंध में जानकारी दी जा रही है। उनकी सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसे केंद्र को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में उत्तराखंड के जो लोग फंसे हुए हैं, उन्हें सकुशल वापस लाने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। ये लोग जल्द ही सकुशल अपने घर वापस आ जाएंगे। केंद्र सरकार द्वारा अफगानिस्तान से प्रत्येक भारतीय की वापसी सुनिश्चित की जा रही है। अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री आनंद वर्द्धन ने कहा कि व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारियों व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- मुख्‍यमंत्री धामी से मिले अफगान बादशाह की चौथी पीढ़ी के सदस्य सरदार मोहम्मद अली

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।