Move to Jagran APP

Kanwar Yatra मार्ग पर लगने वाली दुकानों, ढाबों व ठेलियों का चिह्नीकरण शुरू; लगवाई जाएंगी 'नेमप्‍लेट'

Kanwar Yatra 2024 22 जुलाई से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चौक-चौबंद करने के लिए कहा गया है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर दुकान ढाबों ठेली व रेहड़ी पर नाम व पता प्रदर्शित करने के आदेश का पुलिस ने पालन कराना शुरू कर दिया है। कांवड़ यात्रा शुरू होने तक यदि कोई संचालक आदेशों का पालन नहीं करता है तो उसका चालान किया जाएगा।

By prakash omjoshiEdited By: Nirmala Bohra Updated: Sun, 21 Jul 2024 01:41 PM (IST)
Hero Image
Kanwar Yatra 2024: 22 जुलाई से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा

जागरण संवाददाता, देहरादून। Kanwar Yatra 2024: कांवड़ यात्रा मार्ग पर दुकान, ढाबों, ठेली व रेहड़ी पर नाम व पता प्रदर्शित करने के आदेश का पुलिस ने पालन कराना शुरू कर दिया है।

देहरादून, हरिद्वार व पौड़ी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने थाना व कोतवाली प्रभारियों को यात्रा मार्गों पर लगने वाली दुकानों, ढाबों, रेहड़ी व ठेली संचालकों का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। 22 जुलाई से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चौक-चौबंद करने के लिए कहा गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा से पूर्व यात्रा मार्ग पर जितने भी लोग दुकान, ढाबे व रहेड़ी-ठेली लगाते हैं, उनका चिह्नीकरण किया जा रहा है।

कांवड़ यात्रा शुरू होने तक यदि कोई संचालक आदेशों का पालन नहीं करता है तो उसका चालान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व की घटनाओं को देखते हुए नाम व पता प्रदर्शित करने के आदेश जारी किए गए हैं। यात्रा में कोई व्यवधान न हो, इसलिए आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

टिहरी क्षेत्र में चलाया चेकिंग अभियान

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन व पूर्ति विभाग की टीम ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। शनिवार को चंबा, खाड़ी, कांडीखाल आदि बाजार में चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने इस दौरान संदेह होने पर नौ खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।

दुकानों में गंदगी व खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर चार व्यापारियों को नोटिस दिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सभी होटल ढाबों और दुकानों में रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं।

कई जगहों पर बोर्ड गायब, पुलिस खुद ही चस्पा कर रही सूची

कांवड़ यात्रा मार्ग पर अभी भी कई जगहों पर ढाबा, चाय की दुकान और फल की दुकानों पर बोर्ड नहीं लग पाए हैं। वहीं, इसे देखते हुए पुलिस ने ढाबा और चाय की दुकानों पर खुद ही संचालकों के नाम लिखकर सूची चस्पा करनी शुरू कर दी है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित खाने पीने की दुकानों और प्रतिष्ठानों के अलावा फलों की रेहड़ी व ठेली पर लोगों के नाम के बोर्ड लगाने के निर्देश पुलिस की तरफ से दिए गए हैं।

अभी भी शहर में कांवड़ पटरी मार्ग पर कुछ जगह खाने पीने की दुकान और फल की दुकानों पर संचालकों के नाम चस्पा नहीं हैं। वहीं, नारसन में भी कई ढाबों पर संचालकों के नाम के बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। पुलिस भी इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि 22 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है।

रुड़की कोतवाली पुलिस ने तो अब खुद ही ऐसे होटल और ढाबों पर मालिकों और संचालकों के नाम की सूची लगानी शुरू कर दी है, जिनके यहां पर अभी तक नाम के बोर्ड नहीं लगे हैं। रुड़की कोतवाली पुलिस ने अभी तक 60 प्रतिष्ठानों का सत्यापन किया है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही सभी दुकानों और फलों की दुकानों में नाम के बोर्ड लगवा दिए जाएंगे।

कांवड़ यात्रा को लेकर खबरी तैयार कर रही पुलिस

कांवड़ यात्रा में कभी होटल और ढाबों पर खाने के रेट और खाने की क्वालिटी को लेकर अक्सर ही विवाद होते हैं। इस तरह के विवाद में कई बार ढाबों और होटल में तोडफोड़ हो जाती है। इस तरह के मामलों से निपटने के लिए पुलिस अब खबरी तैयारी कर रही है। इसे लेकर हर थानों में पुलिस लोगों के साथ बैठक कर रही है।

एसपीओ के अलावा भी कई ऐसे लोग तैयार किए जा रहे हैं, जो कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्ग पर तैनात रहेंगे। ऐसे लोग पुलिस को हर तरह की सूचना प्रदान करेंगे। जिससे की समय रहते किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। रुड़की पुलिस ने करीब 20 से अधिक युवक तैयार किए हैं, ये युवक पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत करेंगे। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस का सूचना तंत्र काफी मजबूत रहेगा।

रुड़की में कई लोगों ने किराये पर दिए हैं ढाबे

रुड़की बाईपास मार्ग पर संचालित कई ढाबों के मालिक अन्य धर्मों से हैं। ढाबों के मालिकों ने पहचान प्रदर्शित करने के आदेश का तोड़ निकालने के लिए कांवड़ यात्रा के दौरान अपने ढाबे हिंदुओं को किराये पर दे दिए हैं। पुलिस की व्यवस्था के चलते अब इन ढाबों पर मालिक से लेकर संचालक और कुक के नाम की सूची लगाई जा रही है।

मंगलौर बाईपास मार्ग पर बुधवार को हैप्पी फैमिली ढाबा पर कांवड़ यात्रियों को लहसुन-प्याज का खाना परोसे जाने पर हंगामा हो था। कांवड़ यात्रियों ने ढाबे पर तोड़फोड़ कर दी थी। यह हैप्पी फैमिली ढाबे का मालिक मुस्लिम व्यक्ति था। रुड़की बाईपास मार्ग पर करीब 10 ढाबे है, जिसमें से अधिकतर ढाबे और होटल अन्य धर्मों के लोगों के हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।