Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

उत्‍तराखंड में 'लाइट-कैमरा-एक्शन' ने पकड़ी रफ्तार, कई बड़े बजट की फिल्‍में हो रही शूट

कहते हैं कि रात है तो सवेरा भी होगा। मुश्किल हैं तो खुशियां भी आएंगी। यही उम्मीद जीवन में आगे बढ़ने का सहारा होती हैं। 2020 भले ही परेशानियों वाला रहा हो लेकिन 2021 खुशियों से भरा होगा ऐसी उम्मीद है।

By Sumit KumarEdited By: Updated: Thu, 31 Dec 2020 11:12 PM (IST)
Hero Image
फिल्मों के लिहाज से देखें तो 2020 की शुरुआत काफी अच्छी रही थी।

जागरण संवाददाता, देहरादून:  कहते हैं कि रात है तो सवेरा भी होगा। मुश्किल हैं तो खुशियां भी आएंगी। यही  उम्मीद जीवन में आगे बढ़ने का सहारा होती हैं। 2020 भले ही परेशानियों वाला रहा हो, लेकिन 2021 खुशियों से भरा होगा, ऐसी उम्मीद है। फिल्मों के लिहाज से देखें तो 2020 की शुरुआत काफी अच्छी रही थी। हालांकि कोरोना की एंट्री होते ही शूटिंग में करीब छह माह का ब्रेक लगा, लेकिन उसके बाद 'लाइट-कैमरा-एक्शन' ने ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि कई बड़े बजट की फिल्में उत्तराखंड में शूट हो रही हैं। 

शूटिंग के लिहाज से उत्तराखंड हमेशा से ही बॉलीवुड की पसंद रहा है। धीरे-धीरे यह प्रदेश में कई युवाओं के रोजगार का जरिया भी बन गया है। बड़ी संख्या में उत्तराखंड में फिल्में शूट की जा रही हैं। इसका सबसे बड़ा कारण अच्छी लोकेशन और प्रदेश में मिलने वाली सुविधाएं हैं। हालांकि अभी कई लोकेशन ऐसी हैं जो बॉलीवुड की नजरों से दूर हैं। उम्मीद है कि 2021 में यह लोकेशन बड़े पर्दे पर दिखाई देंगी। चलिये फिल्मों के लिहाज से 2020 की बात करें तो यह साल अच्छा नहीं कहा जाएगा तो बुरा भी नहीं था। 2020 की शुरुआत फिल्म 'तड़प' से हुई। इस फिल्म के जरिये अभिनेता सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले हैं। इससे पहले कई बड़े स्टार किड्स उत्तराखंड से बॉलीवुड में डेब्यू कर चुके हैं। फिल्म में अभिनेत्री तारा सुतारिया अहम भूमिका में हैं। तारा इससे पहले उत्तराखंड में फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर-2' की शूटिंग कर चुकी हैं। यह उनकी पहली फिल्म थी। फिल्म 'तड़प' की शूटिंग देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश की खूबसूरत लोकेशन में हुई। तड़प के बाद फरवरी में फिल्म 'हसीन दिलरूबा' की शूटिंग हरिद्वार में हुई। फिल्म में शूटिंग के लिए अभिनेत्री तापसी पन्नू और अभिनेता विक्रांत मैसी आए थे। करीब एक माह की शूटिंग होने के बाद मार्च में लॉकडाउन के चलते सबकुछ ठप हो गया। इसके करीब छह माह बाद फिल्म 'जर्सी' की शूटिंग देहरादून और मसूरी की विभिन्न लोकेशन में हुई है। फिल्म में अभिनेता शाहिद कपूर और अभिनेत्री मृणाल ठाकुर अहम भूमिका में रहे। फिल्म दो चरणों में हुई। फिल्म एक रणजी खिलाड़ी के ऊपर थी। फिल्म में पंकज कपूर भी अहम भूमिका रही। इसके बाद नवंबर आते-आते एक बार फिर फिल्म 'तड़प' की शूटिंग के लिए टीम उत्तराखंड आई। फिल्म यूनिट ने देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश में शूटिंग की गई। दिसंबर में फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की शूटिंग भी उत्तराखंड में हुई। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की इस फिल्म में अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, अभिनेत्री पल्लवी जोशी अहम भूमिका में है। फिल्में की शूटिंग देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश में हुई। इसके अलावा कई अन्य कम बजट की फिल्म, धारावाहिक और एलबम की शूटिंग भी समय-समय पर उत्तराखंड में हुई। 2021 इससे बेहतर होगा, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है। कई बड़े बजट की फिल्म उत्तराखंड में शूट होनी हैं। यदि सबकुछ सही रहा तो अभिनेता आमिर खान, अभिनेत्री आलिया भट्ट, करीना कपूर जैसे  बड़े स्टार 2021 में उत्तराखंड में शूटिंग करते दिखाई देंगे। सबसे अच्छी बात यह है कि इस बार यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि कुछ नई लोकेशन भी इस बार बड़े पर्दे पर दिखाई देंगी। देहरादून, मसूरी, टिहरी, नैनीताल, ऋषिकेश में अक्सर ही फिल्मों की शूटिंग होती रहती हैं। पर, प्रदेश की कुछ ऐसी लोकेशन भी हैं, जो अब तक बॉलीवुड की नजरों से दूर हैं। उम्मीद है कि इस बार ये जगहें भी शूटिंग के लिए बॉलीवुड की हॉट च्वाइस बनेंगी। 

 

डोबरा-चांठी पुल

वैसे तो टिहरी झील बॉलीवुड की पसंद रहा है। 2019 में फिल्म 'बत्ती गुल मीटर चालू' की शूटिंग टिहरी में ही हुई थी। टिहरी झील में फिल्म के कई दृश्य भी फिल्माए गए थे। उम्मीद है कि 2021 में इसी झील पर बना डोबरा-चांठी पुल भी शूटिंग के लिए नई लोकेशन बनेगा। 725 मीटर यह लंबा इस पुल में फसाड लाइटें भी लगाई गई हैं। जिस कारण यह पुल रात में भी जगमगाता है। इससे 440 मीटर सस्पेंशन ब्रिज है। भारी वाहनों के लिए यह देश का सबसे लंबा झूला पुल है। 

सूर्याधार झील, देहरादून

उम्मीद है कि 2021 में सूर्याधार झील निश्चित रूप से एक टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनेगा। इस झील की लंबाई 550 मीटर, चौड़ाई 28 मीटर और गहराई 10 मीटर है। झील में पर्यटन का भी लुत्फ उठाया जा सकता है। सरकार को भी उम्मीद है कि सूर्याधार झील में और अधिक सुविधाएं विकसित कर इसे शूटिंग डेस्टिनेशन बनाया जा सकता है। 

हर्षिल, उत्तरकाशी  

हिमालय की गगन चूमती चोटियों की गोद में 7860 फीट की ऊंचाई पर बसे हॢषल को भारत का मिनी स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। यहां की खूबसूरत वादियां, देवदार के घने जंगल, चारों ओर फैले बेशुमार सौंदर्य, रंग-बिरंगे खिले फूल, पहाड़ों पर पसरे हिमनद के बीच शांत होकर बहती भागीरथी (गंगा) नजर आती है। यहां जलद्री नदी और भागीरथी नदी के संगम तट पर प्राचीन हरि मंदिर है। विश्व प्रसिद्ध हॢषल में पर्यटकों के रुकने और खाने की पूरी व्यवस्थाएं हैं। हॢषल से बमुश्किल एक किमी. दूरी पर स्थित बगोरी गांव में लकड़ी के बने घर अपनी सुंदरता बिखरते हैं। आप इन घरों में होम स्टे के तहत रुक सकते हैं। इस गांव के ग्रामीण जाड़, भोटिया और बौद्ध समुदाय के हैं। हर्षिल पहुंचने के लिए ऋषिकेश से उत्तरकाशी 160 किमी. है, जबकि देहरादून से उत्तरकाशी 200 किमी. है। वैसे, मसूरी-धनोल्टी मार्ग से भी उत्तरकाशी पहुंचा जा सकता है। यहां से केवल 140 किमी. का सफर तय करना पड़ेगा। उत्तरकाशी से हॢषल की दूरी 75 किमी. है। उत्तरकाशी से हॢषल के लिए आसानी बस, टैक्सी व मैक्स मिल जाती हैं। उम्मीद है कि 2021 में भी हर्षिल बड़े पर्दे पर दिखाई देगा। 

औली, चमोली  

यदि आपको बर्फ से ढकी सुंदर लोकेशन में फिल्म शूट करनी है तो आपको देश से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है। उत्तराखंड में औली इसके लिए सबसे मुफीद डेस्टीनेशन है। समुद्रतल से 2800 मीटर की ऊपर स्थित औली स्कीइंग के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। औली को ओक धार वाली ढलानों और सब्ज़ शंकुधारी जंगलों के लिए जाना जाता है। औली कृत्रिम औली झील के लिए भी प्रसिद्ध है। औली की बर्फीली ढलानों पर स्कींइग का भरपूर मजा लिया जा सकता है। अल्पाइन स्कीइंग, नाॢडक स्कीइंग और टेलीमार्क स्कीइंग का आनंद लेने के लिए ये ढलानें बेहतरीन हैं। एशिया की सबसे लंबी केबल कार औली में ही है। उम्मीद है कि 2021 जनवरी में यहां फिल्म की शूटिंग हो सकती है। 

यह भी पढ़ें- जश्न के माहौल में सांसत में रहेगी बेजबानों की जान

हाथीपांव मसूरी

हाथीपांव पार्क स्टेट एक सुंदर पिकनिक स्पॉट है। पार्क एस्टेट भारत के पहले सर्वेयर जनरल सर जॉर्ज एवरेस्ट का निवास स्थान और ऑफिस रहा है। इसका मुख्य फीचर अनोखे फायरप्लेस और लकडिय़ों के बीम हैं। विश्व के सबसे ऊंचे पर्वत शिखर माउंट एवरेस्ट का नाम सर जार्ज एवरेस्ट के नाम पर ही रखा गया था। इस स्थान से दूनघाटी का मनमोहक नजारा देखते ही बनता है। 

झड़ीपानी, मसूरी

झड़ीपानी फॉल मसूरी के बार्लोगंज क्षेत्र में स्थित है। यह एक ठंडा और शांत प्राकृतिक तालाब है। झड़ीपानी के चारों ओर की पहाडिय़ों से शिवालिक पर्वतमाला के सुंदर दृश्य नजर आते हैं। इसके अलावा यहां से आप दूनघाटी की सुंदरता को भी निहार सकते हैं। झड़ीपानी झरने के चारों ओर का पूरा इलाका प्राकृतिक रूप से हरा-भरा है और यहां कई प्रकार के जंगली फूल खिलते हैं। यहां से सूर्योदय और सूर्यास्त का विहंगम नजारा भी देखने को मिलता है। झड़ीपानी फॉल मसूरी से सात किमी की दूरी पर मसूरी-झड़ीपानी मार्ग पर स्थित है। देहरादून रेलवे स्टेशन से यह 30 किमी और जौलीग्रांट एयरपोर्ट से 56 किमी की दूरी पर है। 

क्लाउंट आइस एंड, मसूरी

क्लाउंट आइस एंड जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है कि यह मसूरी का एक छोर है। यहां पहुंचने के बाद लगता है मानो हम बादलों के ऊपर खड़े हैं। यह एक प्रसिद्ध शॉपिंग स्पॉट है, जो लाइब्रेरी चौक से छह किमी की दूरी पर है। इस जगह से प्रकृति का शानदार नजारा देखने को मिलता है, यहां तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को विभिन्न प्रजाति के सघन जंगलों से होकर गुजरना पड़ता है। वॉक करने के शौकीन पर्यटक हाथीपांव से हैप्पी वैली वाली सड़क पर पैदल यात्रा करते हुए यहां पहुंच सकते हैं। 

नीर फॉल, ऋषिकेश

ऋषिकेश से सात किमी और लक्ष्मणझूला से पांच किमी दूर ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मुनिकीरेती के नीरगड्डू क्षेत्र में नीर फॉल पड़ता है। यह प्राकृतिक झरना छोटे ट्रैक के लिए प्रसिद्ध है। यहां तक पहुंचने के लिए संकरी पगडंड्यिों और जंगल के बीच से गुजरना पड़ता है। इस सफर में आप रास्तेभर विभिन्न प्रजाति के रंग-बिरंगी तितलियों का भी दीदार कर सकते हैं। 

आसन झील, देहरादून

देहरादून से 42 और पांवटा साहिब से मात्र छह किमी की दूरी पर स्थित उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को आपस में जोडऩे वाली झील का अलग इतिहास है। आसन नदी और पूर्वी यमुना नहर के संगम पर बनी यह कृत्रिम झील देहरादून शहर के उत्तर पश्चिम में ढालीपुर पावर प्लांट के पास स्थित है। इसलिए इसे ढालीपुर झील के नाम से भी जाना जाता है। देश के पहले कंजर्वेशन रिजर्व के 444 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली 25 हजार क्यूसेक जलक्षमता वाली आसन झील साइबेरियन पक्षियों के ठहराव स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। इन विदेशी मेहमानों के दीदार को हर साल हजारों की संख्या में पर्यटक बैराज का रुख करते हैं। उम्मीद है कि 2021 में आसन झील को भी टूरिस्ट डेस्टिनेशन से शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप विकसित किया जा सकता है।  

जनवरी में शूटिंग के लिए औली आएंगे आलिया और आमिर 

जनवरी 2021 में फिल्म की शूटिंग के लिए अभिनेत्री आलिया भट्ट औली पहुंचेंगी। अगाथा क्रिस्टी के नॉवेल पर बेस्ट इस फिल्म का निर्देशन विशाल भारद्वाज करेंगे। निर्देशक विशाल भारद्वाज ने मसूरी में इस फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी है। लोकेशन की तलाश में विशाल कई बार औली जा चुके हैं। इस संबंध में उन्होंने औली में आइटीबीपी के अधिकारियों से भी मुलाकात की थी। यदि सबकुछ सही रहा तो 2021 में औली आएंगी। इसके अलावा यह भी उम्मीद है कि आमिर खान अपनी फिल्म 'लाल सिंह चड्डा' के अंतिम चरण की शूटिंग उत्तराखंड में करने का मन बना चुके हैं। यदि यह हुआ तो नये साल की शुरुआत में ही अभिनेता आमिर खान उत्तराखंड में शूटिंग करते दिखाई दे सकते हैं। फिल्म में करीना कपूर भी अहम भूमिका में हैं। 

उत्तराखंड में दिखे ये सितारे

  • जनवरी में फिल्म 'तड़प' की शूटिंग के लिए देहरादून पहुंचे अभिनेता अहान शेट्टी, अभिनेत्री तारा सुतारिया
  •  अभिनेता सुनील शेट्टी भी पत्नी के साथ पहुंचे मसूरी
  •  फरवरी में फिल्म 'हसीन दिलरूबा' की शूटिंग के लिए हरिद्वार पहुंची अभिनेत्री तापसी पन्नू और अभिनेता विक्रांत मैसी
  •  अक्टूबर में फिल्म 'जर्सी' की शूटिंग के लिए देहरादून पहुंचे अभिनेता शाहिद कपूर, पंकज कपूर और अभिनेत्री मृणाल ठाकुर
  •  दिसंबर में फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की शूटिंग के लिए देहरादून पहुंचे निर्देशक विवेक अग्निहोत्री, अभिनेता अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पुनीत इस्सर।

यह भी पढ़ें- कोरोना काल में भी ऊर्जा प्रदेश की 'ऊर्जा' बरकरार

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें