Move to Jagran APP

Mukesh Ambani : तड़के देहरादून पहुंचे मुकेश अंबानी, लेकिन खराब मौसम के चलते नहीं जा पाए बदरी-केदारनाथ

Mukesh Ambani Temple Visit प्रसिद्ध उद्योग पति मुकेश अंबानी आज मंगलवार को उत्‍तराखंड पहुंचे। वह बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा अर्चना करने वाले थे। लेकिन खराब मौसम के कारण उनका यह दौरा रद हो गया।

By Nirmala BohraEdited By: Updated: Tue, 20 Sep 2022 08:45 AM (IST)
Hero Image
Mukesh Ambani Temple Visit : आज बदरी-केदारनाथ धाम पहुंचेंगे मुकेश अंबानी। फाइल

टीम जागरण, चमोली : Mukesh Ambani Temple Visit : प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी आज मंगलवार को उत्‍तराखंड पहुंचे। अपने इस दौरे में वह बदरीनाथ और केदारनाथ धाम दर्शन के लिए पहुंचे। लेकिन खराब मौसम के कारण उनका यह दौरा रद हो गया।

खराब मौसम के चलते उद्योगपति मुकेश अंबानी का आज का बदरीनाथ और केदारनाथ दर्शन का कार्यक्रम रद हो गया है। वह मंगलवार सुबह 7:15 पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे।

परंतु बदरीनाथ धाम में मौसम खराब होने के चलते उनका विमान एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भर पाया। जिस कारण पहले वह एयरपोर्ट के गेस्ट हाउस की ओर गए।

कुछ देर वहां रुकने के बाद उन्होंने अपने विमान पर ही जाकर मौसम साफ होने का इंतजार किया। लेकिन मौसम साफ न होने के चलते वह एयरपोर्ट से ही वापस लौट गए।

अक्‍सर परिवार के साथ धामों में पूजा अर्चना के लिए पहुंचते हैं मुकेश अंबानी

मुकेश अंबानी पहले बदरीनाथ जाने वाले थे। इसके बाद वह केदारनाथ धाम रवाना होने वाले थे। वहीं बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए भी मुकेश अंबानी के मन में अगाध आस्‍था है। वह अक्‍सर अपने परिवार के साथ इन धामों में पूजा अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

शुक्रवार को तिरुपति में भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर पहुंचे थे अंबानी

इससे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान उन्‍होंने मंदिर के ट्रस्ट तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम को 1.5 करोड़ रुपये का दान किए थे। बता दें कि तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम भगवान वेंकटेश्वर मंदिर का प्रबंधन करता है।

भगवान बदरीविशाल के दर्शनों को पहुंचे भाष्कर खुल्बे

प्रधानमंत्री मोदी के सलाहकार भाष्कर खुल्बे भगवान बदरीविशाल के दर्शनों को पहुंचे। इस दौरान उन्‍होंने पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने उनका स्वागत किया। उनके साथ प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव मंगलेश घिल्डियाल भी मौजूद रहे।

गंगोत्री धाम में तीर्थयात्रियों का नया रिकार्ड

वहीं गंगोत्री धाम में इस सीजन में 5.53 लाख तीर्थयात्रियों के पहुंचने का नया रिकार्ड बना है। अभी यात्रा के लिए एक माह शेष है और करीब एक लाख तीर्थयात्रियों के और पहुंचने का अनुमान है।

गंगोत्री धाम के कपाट 25 अक्टूबर और यमुनोत्री धाम के कपाट 26 अक्टूबर को बंद होने हैं। केदारनाथ धाम के कपाट भी 26 अक्टूबर को बंद होंगे।

वर्ष 2013 की आपदा और कोविड काल के बाद से यह पहला सीजन है, जब गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा है। वर्ष 2019 में गंगोत्री धाम में 5.30 लाख यात्रियों के पहुंचने का रिकार्ड बना था।

अब गंगोत्री धाम ने 5.53 लाख यात्रियों के पहुंचने का नया रिकार्ड बना है। यमुनोत्री धाम में भी अभी तक 4.31 लाख यात्री पहुंच चुके हैं। यमुनोत्री धाम में सर्वाधिक यात्री 2019 में 4.66 लाख पहुंचे थे। केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले यात्रियों का आंकड़ा 12 लाख के पार पहुंच गया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।