Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Sawan Somwar 2020: आज सावन का तीसरा सोमवार और सोमवती अमावस्या का विशेष संयोग, जलाभिषेक के लिए शिवालयों में पहुंचे श्रद्धालु

Sawan Somwar 2020 श्रवण माह के तीसरे सोमवार और सोमवती अमावस्या का आज विशेष संयोग भी है। श्रद्धालुओं ने शिवालयों में मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक किया।

By Sunil NegiEdited By: Updated: Mon, 20 Jul 2020 01:03 PM (IST)
Hero Image
Sawan Somwar 2020: आज सावन का तीसरा सोमवार और सोमवती अमावस्या का विशेष संयोग, जलाभिषेक के लिए शिवालयों में पहुंचे श्रद्धालु

देहरादून, जेएनएन। Sawan Somwar 2020 आज श्रवण माह के तीसरे सोमवार और सोमवती अमावस्या का विशेष संयोग भी है। श्रद्धालु शिवालयों में मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक कर रहे हैं। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में आज सावन का तीसरा सोमवार है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में पहला। देहरादूून में गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर समेत अन्‍य मंदिरों में श्रद्धालु जलाभिषेक को उमड़े।

सोमवती अमावस्या पर शहर के कुछ शिवालयों में भीड़ रही तो कहीं कम श्रद्धालु जलाभषेक करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाकर भगवान शिव की आराधना की। सावन माह के तीसरे सोमवार और पर्वतीय क्षेत्रों के पहले सोमवार पर मन्दिरों में श्रद्धालु जल चढ़ाने पहुंचे। गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह साढ़े चार बजे दिगम्बर भरत गिरी महाराज के सानिध्य में रुद्राभिषेक के बाद जलाभिषेक हुआ। यहां सुबह छह बजे के बाद जल चढ़ाने के लिए भीड़ जुटनी शुरू हो गई। मंदिर के मुख्य गेट से ही श्रद्धालु जल चढ़ाने के लिए लाइन में खड़े रहे। यहां सेवादल व लाउडस्पीकर के माध्यम से शरीरिक दूरी का पालन करने का संदेश दिया जा रहा था, लेकिन शिवलिंग पर जल चढ़ाने के दौरान इसे अनदेखा किया गया। 

सहारनपुर चौक स्थित पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने अपील का पालन करते हुए घर से पात्र लेकर व शारीरिक दूरी बनाकर जलाभिषेक किया। यहां शाम को महादेव का फलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। आराघर चौक स्थित हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मुख्य गेट बंद किया गया, जबकि छोटे गेट से ही श्रद्धालुओं को एक एक कर प्रवेश दिया गया। 

पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय में एक दो की संख्या में आ रहे श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाया। इसके अलावा जीएमएस रोड स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर धर्मपुर, कॉन्वेंट रोड स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, आदर्श मंदिर पटेलनगर, सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर क्षेत्र में अधिकांश लोगों ने घर पर ही भगवान शिव की पूजा की। इन मंदिरों में कम संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

यह भी पढ़ें: Sawan Somvar 2020: सावन के सोमवार पर शिवालयों मे उमड़े श्रद्धालु, जानिए महत्व

स्नान कर पितरों के निमित किया दान

सोमवती अमावस्या पर स्नान व पितरों के निमित दान का विशेष महत्व है। लोगों ने घर पर गंगाजल से स्नान के बाद अपने पितरों को याद कर तर्पण किया। वहीं, जरूरतमंदों को दान कर पुण्य कमाया।

यह भी पढ़ें: Guru Purnima 2020: गुरु पूर्णिमा पर घरों में हुई गुरु की वंदना