Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

देश में महिलाओं और पिछड़ों का हो रहा शोषण : प्रीतम सिंह

गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोला है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की दमनकारी नीतियां आम आदमी के शोषण का कारण हैं। उन्‍होंने केंद्र व राज्य सरकारों पर दलितों की अनदेखी का आरोप लगाया।

By Sunil NegiEdited By: Updated: Thu, 05 Nov 2020 10:38 PM (IST)
Hero Image
महिला व दलित उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्त्‍ताओं के गांधी पार्क में धरना दिया।

देहरादून, जेएनएन। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद से भाजपा शासित राज्यों में अराजकता का माहौल है। महिला व पिछड़ों के उत्पीडऩ के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। देश में बढ़ती दुष्कर्म की घटनाएं केंद्र सरकार की विफलता का प्रमाण हैं। ये बातें गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कहीं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को कार्यकर्त्‍ताओं और पदाधिकारियों ने गांधी पार्क के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा शासित प्रदेशों में महिलाओं व पिछड़ों पर जुल्म करने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना में सरकारी मशीनरी की भूमिका से साबित होता है कि मुख्यमंत्री के इशारे पर पहले घटना को छिपाने का प्रयास किया गया और फिर उसे जातीय रूप देकर जनता को बरगलाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले साढ़े तीन साल में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। जबकि, हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक व उत्तराखंड में ऐसी घटनाओं में इजाफा हो रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा शोषित वर्ग की आवाज उठाई है। पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी ने कहा कि आज देश में अनेक समस्याओं से जनता परेशान है, भाजपा सरकार जनता को जातीय आधार पर बांटने की कोशिश कर रही है। पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि शोषित वर्ग के अधिकारों के लिए लड़ाई जारी रहेगी। धरने को पूर्व विधायक अंबरीष कुमार, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, हीरा सिंह बिष्ट, आर्येंद्र शर्मा व संगठन महामंत्री विजय सारस्वत ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संजय पालीवाल, राजेंद्र शाह, पूर्व प्रवक्ता गरिमा दसौनी, संजय किशोर, गौरव चौधरी, नवीन जोशी, जयेंद्र रमोला, उर्मिला थापा, महेश जोशी, रॉबिन पंवार, अनीता निराला, पूनम कंडारी आदि उपस्थित रहे। 

यह भी पढ़ें: 10 नवंबर से राज्य आंदोलनकारी चलाएंगे भाजपा गद्दी छोड़ो अभियान

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें