Move to Jagran APP

Dhami Sarkar 2.0 : मंत्री तय कर रहे प्राथमिकताएं, धनसिंह ने कहा शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत तो गणेश जोशी ने उपनल को लेकर किया बड़ा एलान

Dhami Sarkar 2.0 प्रदेश में नई सरकार का गठन हो चुका है। मंत्रियों को विभाग आवंटित किए गए हैं। इसके साथ ही सभी मंत्रियों ने विभाग मिलने के साथ ही अपनी प्राथमिकताएं भी तय कर दी हैं।

By Nirmala BohraEdited By: Updated: Thu, 31 Mar 2022 09:20 AM (IST)
Hero Image
मंत्रियों ने अपनी प्राथमिकताएं भी तय कर दी हैं

राज्य ब्यूरो, देहरादून: उत्तराखंड में मिथक तोड़कर लगातार दूसरी बार सत्तासीन हुई भाजपा सरकार सौ दिन का रोडमैप तैयार कर आगे बढ़ेगी। धामी सरकार के मंत्री इसी हिसाब से अपनी तैयारी कर रहे हैं। इस कड़ी में प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं को गति देने के साथ ही वे नई योजनाओं का खाका खींचने में जुट गए हैं। मंत्रियों ने कार्यभार संभालते ही समीक्षाओं का दौर भी शुरू कर दिया है।

राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए तेज गति से कदम बढ़ाने होंगे

देवभूमि से विशेष लगाव रखने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने की परिकल्पना की है। उत्तराखंड को विकास की दृष्टि से सक्षम बनाकर उसे देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का उनका संकल्प है, जिस पर राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार को आगे बढ़ना है।

इसके साथ ही राज्यवासियों की अपेक्षाएं भी कम नहीं हैं। इस सबको देखते हुए मुख्यमंत्री धामी और उनकी टीम को राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए तेज गति से कदम बढ़ाने हैं। इसी के दृष्टिगत धामी सरकार ने खाका खींचा है। जिस तरह के संकेत मिल रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि पहले चरण में सरकार सौ दिन का रोडमैप तैयार करेगी। सरकार के मंत्रियों ने इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

धामी के मंत्री तय कर रहे हैं प्राथमिकताएं

प्रदेश में नई सरकार का गठन हो चुका है। मंत्रियों को विभाग आवंटित किए गए हैं। इसके साथ ही सभी मंत्रियों ने विभाग मिलने के साथ ही अपनी प्राथमिकताएं भी तय कर दी हैं। हर कोई अपने विभाग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने को तत्पर हैं।

ब्लाक स्तर पर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत: धन सिंह

प्रदेश के शिक्षा, स्वास्थ्य व सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत का कहना है कि जल्द ही सभी विभागों का रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सूबे में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जाएगा। ब्लाक स्तर पर मरीजों को सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

विद्यालयी शिक्षा को और बेहतर किया जाएगा। राज्य में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिये सबसे पहले प्राथमिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि सूबे के प्रत्येक नौनिहाल को बेहतर शिक्षा मिल सके।

कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा कर होगा निगम मजबूत: चंदन राम दास

राज्य ब्यूरो, देहरादून: समाज कल्याण व परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने कहा कि परिवहन निगम की स्थिति अभी बहुत अच्छी नहीं है। निगम की आर्थिकी को दुरुस्त करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही उन्हें और अधिक मेहनत से कार्य करने को प्रेरित करेंगे।

उन्होंने कहा कि समाज कल्याण में अंतिम व्य1ित तक बैठे व्य1ित की सेवा की जा सकती है। कई पेंशन योजनाएं हैं। बच्चों की छात्रवृत्ति से संबंधित योजनाएं है। इसे पटरी पर लाने के लिए अध्ययन की जरूरत है। अधिकारियों से बातचीत कर योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

रोजगार व स्वरोजगार पर रहेगा जोर: सौरभ बहुगुणा

राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश के पशुपालन एवं मत्स्य पालन, चीनी उद्योग और कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोडऩा है। पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।

इनसे युवाओं को जोड़ा कर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। गन्ना किसानों की समस्याओं से वह भली भांति वाकिफ हैं। वह इनकी आवाज लगातार उठाते रहे हैं। सभी से सामंजस्य कर उनकी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। रोजगार, स्वरोजगार व मातृशक्ति के हित के लिए योजना बनाई जाएगी।

उपनल में केवल सैनिक परिवारों का होगा पंजीकरण: जोशी

प्रदेश में 31 मार्च के बाद उपनल में केवल पूर्व सैनिक व उनके बच्चों का ही पंजीकरण होगा। उन्हीं को उपनल के जरिये नौकरी दी जाएगी। इसके साथ ही सरकार जल्द ही चकबंदी भी लागू करेगी। शेष को पीआरडी व होमगार्ड आदि एजेंसियों के जरिये सेवायोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य वर्ष 2023 तक सैन्यधाम के निर्माण का कार्य पूरा कर इसे जनता को समर्पित करना है।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में किसानों को चकबंदी न होने के कारण परेशानी होती है। इसे देखते हुए जल्द ही पूरे प्रदेश में चकबंदी लागू की जाएगी। इससे किसानों की आय को दोगुना करने में मदद मिलेगी। उनका जोर किसानों के उत्पाद को सही बाजार व सही दाम दिलाने का भी रहेगा। प्रदेश में पलायन रोकने के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। जो गांव सड़कों से नहीं जुड़ पाए हैं उन्हें प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़कों से जोड़ा जाएगा।

खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाने को बनेगी कार्ययोजना : रेखा

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, खाद्य नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जाएगा। खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी।

खेल के क्षेत्र में बालिकाओं को अधिक अवसर मिलें, इसके प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें आवंटित चारों विभागों में नए प्रतिमान स्थापित किए जाएं, यह उनका प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आगे बढऩे के अधिक से अधिक अवसर दिलाना उनकी प्राथमिकता है।

महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और लैंगिक समानता के लिए भी कार्य किया जाएगा। एक प्रश्न पर आर्य ने कहा कि राज्य में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हो, इस दिशा में आगे बढ़ा जाएगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सभी श्रेणी के राशन कार्ड धारकों तक समय पर राशन पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाएगा।

वित्तीय प्रबंधन पर रहेगा जोर : अग्रवाल

वित्त, संसदीय कार्य, शहरी विकास, आवास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि राज्य के सीमित आर्थिक संसाधनों को देखते हुए विकास कार्यों के लिए ऋण लेना स्वाभाविक है। ऋण लेना गलत भी नही है, लेकिन यह सुनिश्चित होना चाहिए कि यह सही दिशा में खर्च हो।

उन्होंने कहा कि राज्य के वित्तीय संसाधन बढ़ें और वित्तीय प्रबंधन ठीक से हो, इस पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, ताकि अधिक ऋण लेने की स्थिति न आए। अग्रवाल ने कहा कि राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए सरकार पूरी तरह समर्पित है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हम इस दिशा में तेज गति से आगे बढ़ेंगे। जो भी विकास योजनाएं चल रही हैं, उन सबका रोडमैप तैयार किया जाएगा। पांच साल में जनअपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

राज्य को बनाएंगे उत्तराखंड का उत्कृष्ट गंतव्य: महाराज

पर्यटन, लोक निर्माण और सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन का उत्कृष्ट गंतव्य बनाया जाएगा। त्रिस्तरीय पंचायतों को और मजबूत किया जाएगा। प्रदेश में सड़कों को दुरुस्त करने के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। पंडित दीन दयाल उपाध्याय के सपनों के अनुरूप समाज के अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक सभी योजनाएं पहुंचाई जाएंगी। सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ ढोल सागर को गिनीज बुक आफ वल्र्ड रिकार्ड में लाने का प्रयास किया जाएगा।

कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन की दृष्टि से उत्कृष्ट गंतव्य बनाने के लिए शैव, वैष्णव, गोलज्यू देवता, नाग देवता, नवग्रह सर्किट के अलावा अन्य सर्किटों का विस्तार किया जाएगा और कोरोनाकाल के दौरान सर्किट के निर्माण की मद्धम पड़ी रफ्तार में तेजी लाई जाएगी। चार धाम के साथ-साथ अन्य धार्मिक स्थलों को भी विकसित किया जाएगा। सीमांत क्षेत्रों के गांव में पर्यटन गतिविधियां बढ़ाकर पलायन को रोकने का प्रयास किया जाएगा।

पंचायतों को सुदृढ़ बनाने के लिए मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। पंचायतों में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा। पंचायतों में अच्छे आदर्श स्कूल, अस्पताल खोले जाएंगे, जिससे पलायन को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाई जाएगी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा।

महिला सुरक्षा को उठाए जाएं कड़े कदम: खंडूड़ी

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार को महिला सुरक्षा के लिए और कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा पहली प्राथमिकता में होना चाहिए। बुधवार को विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष से पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने शिष्टाचार भेंट की।

उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को पदभार ग्रहण करने की शुभकामनाएं दीं। विधानसभा अध्यक्ष ने बेहतर कानून व्यवस्था के लिए पुलिस की तारीफ करने के साथ ही महिला सुरक्षा पर कड़े कदम उठाने को कहा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि महिला अपराधों को लेकर अधिक सतर्कता बरतने की अवश्यकता है। यह सुनिश्चित किया जाए कि महिलाओं से जुड़े मामलों में कोई लापरवाही न बरती जाए।

महिलाओं की ओर से की गई छोटी से छोटी शिकायत को संज्ञान में लेकर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई हो। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। इस ओर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।