Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में पड़ने लगी कड़ाके की ठंड, बर्फबारी के साथ हो सकती है साल की विदाई; घने कोहरे का अलर्ट

Uttarakhand Weather उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। लगातार कतापमान मं गिरावट दर्ज की जा रही है। आलम ये है कि अब पहाड़ों पर नदी-नाले जमने लगे हैं। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ों में बर्फबारी के साथ इस वर्ष की विदाई हो सकती है। इसको देखते हुआ ठंड का प्रकोप भी बढ़ने वाला है।

By Jagran News Edited By: Swati Singh Updated: Thu, 28 Dec 2023 07:59 AM (IST)
Hero Image
उत्तराखंड में पड़ने लगी कड़ाके की ठंड, बर्फबारी के साथ हो सकती है साल की विदाई

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम के करवट लेने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ों में बर्फबारी के साथ इस वर्ष की विदाई हो सकती है। आने वाले दिनों में पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, शनिवार और रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक से लेकर मध्यम बादल छाये रह सकते हैं। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात के आसार हैं। आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

देखने को मिलेगा कोहरे का प्रकोप

मौसम विभाग की मानें तो हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने के आसार हैं। बुधवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। देहरादून और मसूरी में चटख धूप खिली रही। हालांकि सुबह एवं शाम के समय कड़ाके की ठंड बेहाल कर रही है।

ऐसा रहा तापमान

देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 25.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 8.4 डिग्री रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 25.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यहां खिली चटख धूप

पिछले दो दिनों से पहाड़ में चटख धूप खिल रही है। रात को आसमान में हल्की धुंध रहती है। इससे पाला गिरना कम हुआ है। यही वजह है कि न्यूनतम तापमान में थोड़ी तेजी देखी गई है। बुधवार को चंपावत जिला मुख्यालय का न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार की अपेक्षा तापमान में 0.8 डिग्री की वृद्धि हुई है।

यह भी पढ़ें: 

New Year 2024: नव वर्ष को लेकर प्रशासन अलर्ट, जवानों की तीन शिफ्ट में लगेगी ड्यूटी; होटल-रेस्टोरेंट और ढाबों के लिए नियम जारी