Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गर्मी से निजात पाने को पहुंच रही पर्यटकों की बंपर भीड़, हर पर्यटन स्‍थल पैक... ठंडे मौसम से मिल रहा सुकून

Uttarakhand Tourism स्कूलों की छुट्टियों में लोगों को पहाड़ों की याद आ गई है। गर्मी से निजात पाने को देशभर से लोग उत्‍तराखंड की वादियों में पहुंच रहे हैं। सबसे ज्‍यादा भीड़ मसूरी नैनीताल चकराता और ऋषिकेश में देखने को मिल रही है।

By Nirmala BohraEdited By: Nirmala BohraUpdated: Sun, 11 Jun 2023 02:52 PM (IST)
Hero Image
Uttarakhand Tourism: गर्मी से निजात पाने को देशभर से लोग उत्‍तराखंड की वादियों में पहुंच रहे हैं।

टीम जागरण, देहरादून: Uttarakhand Tourism: स्कूलों की छुट्टियों में लोगों को पहाड़ों की याद आ गई है। गर्मी से निजात पाने को देशभर से लोग उत्‍तराखंड की वादियों में पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि वीकेंड पर तो लगभग हर पर्यटन स्‍थल पर्यटकों से पैक हो जा रहा है। सबसे ज्‍यादा भीड़ मसूरी, नैनीताल, चकराता और ऋषिकेश में देखने को मिल रही है।

कई राज्यों के पर्यटकों के पहुंचने पर पहाड़ों की रानी मसूरी में चहल पहल रही। कैम्‍पटी फाल में पर्यटक आनंद लेते दिखाई दिए। आसपास के सभी पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार रहने पर व्यापारियों के भी चेहरे खिल उठे। नैनीताल में भी पर्यटकों की खूब आवाजाही हो रही है। यहां लोग बोटिंग का मजा ले रहे हैं।

मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ते ही अब पर्यटक चकराता की वादियों का भी रुख करने लगे हैं। शुक्रवार रात्रि से ही चकराता में पर्यटकों का जमावड़ा शुरू हो गया था। रविवार को सैलानियों की संख्या में और इजाफा हो गया। पर्यटकों ने चकराता के आसपास सटे पर्यटन स्थलों का सैर सपाटा किया। टाइगर फाल में काफी समय तक पर्यटक नहाकर गर्मी से निजात पाते नजर आए।

देववन, कोटी कनासर, मुंडाली, मोहिला टाप, बुधेर, चुरानी आदि स्थानों पर भी पर्यटकों ने विहंगम नजारों का आनंद लिया। कुछ पर्यटकों ने ट्रेकिंग भी की। चिरमिरी टाप पर डूबते सूर्य का दृश्य भी कैमरे में कैद किया। पर्यटकों ने गर्मी से निजात पाकर सुकून भरी सांस ली। चकराता के केसरी बाजार में पर्यटकों की संख्या ज्यादा दिखाई दी। चकराता छावनी बाजार के आसपास के रिसार्ट, होमस्टे लगभग फुल हैं। हालांकि पार्किंग पर्याप्त न होने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है।

दिल्ली, टनकपुर व नैनीताल रूटों के यात्री बढ़े

इन दिनों हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में रोजाना भीड़ लग रही है। दिल्ली, मुंबई, गुजरात व अन्य राज्यों के पर्यटक भी घूमने के लिए नैनीताल आ रहे हैं तो कुछ वापस लौट रहे हैं। शनिवार की सुबह स्टेशन में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। रोडवेज ने नैनीताल, दिल्ली व टनकपुर रोड पर 20 अतिरिक्त बसें भेजीं। एआरएम सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि दिल्ली को 11 बसें जाती हैं। शनिवार को 22 बसें गई।

इसी तरह नैनीताल व टनकपुर को नौ अतिरिक्त बसें गई। बसों में सीट पाने के लिए लोगों में जल्दबाजी देखने को मिली। यही कारण था कि लोग खिड़की के रास्ते घुसने लगे। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि बसों में सीट के लिए संयम रखें। सभी लोगों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए बसों की व्यवस्था करवाई जाती है। जिन यात्रियों को परेशानी है वह वह कार्यालय या शिकायती काउंटर में आकर अपनी बात रख सकते हैं।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर