Move to Jagran APP

कांग्रेस से निष्कासित अकील अहमद ने पार्टी नेताओं पर बोला हमला, कहा- प्रभारी, प्रदेश आब्‍जर्वर और पूर्व सीएम पर भी हो कार्रवाई

कांग्रेस से निष्कासित किए गए पूर्व उपाध्यक्ष अकील अहमद ने पार्टी नेताओं पर हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि मुझ पर कार्रवाई की गई तो प्रभारी प्रदेश आब्जर्वर व पूर्व मुख्यमंत्री पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्‍होंने यह बात प्रेस वार्ता में कही।

By Sunil NegiEdited By: Updated: Tue, 29 Mar 2022 04:15 PM (IST)
Hero Image
कांग्रेस से निष्कासित किए गए पूर्व उपाध्यक्ष अकील अहमद।

जागरण संवाददाता, देहरादून। कांग्रेस से निष्कासित किए गए पूर्व उपाध्यक्ष अकील अहमद ने कांग्रेस हाईकमान से मांग की कि मुस्लिम यूनिवर्सिटी के बयान पर जब मुझ पर कार्रवाई की गई तो पार्टी के प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश आब्जर्वर मोहन प्रकाश व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्‍‍होंने कहा मैंने सहसपुर से जब नाम वापस लिया तो इन पार्टी नेताओं के समक्ष 10 सूत्रीय मांग का पत्र सौंपा था। जिसमें मुस्लिम यूनिवर्सिटी भी एक मांग थी। तब सभी नेताओं ने हामी भरी। अब कांग्रेस की पराजय होने का ठीकरा मेरे सिर फोड़ा जा रहा है।

अकील अहमद ने कहा कि मैं 2024 का लोकसभा चुनाव हरिद्वार से लडूंगा और कांग्रेस में कभी वापस नहीं आऊंगा। सोनिया गांधी से मिलकर टिकट बेचने वालों को बेनकाब करूंगा। उन्होंने कहा कि हरीश रावत अपनी बात पर कभी अडिग नहीं रहे। कांग्रेस अपनी करतूतों के कारण चुनाव हारी।

कांग्रेस का चेहरा हुआ बेनकाब: भाजपा

भाजपा ने मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर एक बार फिर कांग्रेस को घेरा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैंथाला ने कहा कि मुस्लिम यूनिवर्सिटी का बयान देने वाले नेता को बर्खास्त करने के बाद कांग्रेस का चेहरा बेनकाब हो गया है।

एक बयान जारी कर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के तमाम नेता चुनाव के समय मुस्लिम यूनिवर्सिटी के विषय पर भाजपा के आइटी सेल को दोषी ठहरा रहे थे। उस समय कांग्रेस नेताओं ने खुलकर इस बात पर कोई टिप्पणी नहीं की और न ही विरोध किया। जाहिर है कि कांग्रेस तुष्टिकरण की नीति पर आगे चल रही थी, जिसे जनता ने आइना दिखा दिया है।

महिला कांग्रेस ने महंगाई के विरोध में निकाली रैली

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेसजनों ने सोमवार को राजपुर रोड पार्टी कार्यालय से घंटाघर तक महंगाई के विरोध में रैली निकाली। इसके बाद दोपहर 12 बजे से करीब एक घंटे गांधी पार्क में धरना दिया। धरने में पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह भी शामिल हुए।

धरना स्थल पर कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए ज्योति रौतेला ने कहा कि केंद्र में भाजपा के राज में तेल की दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार देश की जनता की कमाई लूट रही है। पेट्रोल व डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी से महंगाई में बेतहाशा वृद्धि हो रही है।

वैश्विक कोरोना महामारी का दंश झेल रही जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में कमी होने के बावजूद पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की दरों में निरंतर वृद्धि की जा रही है। आज 34 से अधिक देशों में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम भारत से कम हैं।

इस दौरान वरिष्ठ महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कमलेश रमन, आशा मनोरमा डोबरियाल, प्रमिला थापा, प्रदेश प्रवक्ता डा.प्रतिमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा महरा दसौनी, परिणिता बडोनी, नजमा खान, बाला शर्मा, सुशीला शर्मा आदि मौजूद रहीं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।