Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

यम की प्रसन्नता को चौमुखा दीपक जला करें पूजा, जानिए धनतेरस पर खुशहाली के टिप्स

आज धनतेरस पर शाम को घर के मुख्य द्वार पर तेल का दीपक जलाएं। मान्‍यता है कि अकाल मृत्यु से बचने और यम को प्रसन्न करने के लिए ऐसा किया जाता है। दीपक का मुंह दक्षिण दिशा की ओर होना चाहिए। जानिए खुशहाली के टिप्स।

By Sunil NegiEdited By: Updated: Tue, 02 Nov 2021 03:27 PM (IST)
Hero Image
यम को प्रसन्न करने के लिए शाम को घर के मुख्य द्वार पर तेल का दीपक जलाएं।

जागरण संवाददाता, विकासनगर (देहरादून)। धनतेरस के दिन अकाल मृत्यु से बचने व यम को प्रसन्न करने के लिए शाम को घर के मुख्य द्वार पर तेल का दीपक जलाएं। दीपक का मुंह दक्षिण दिशा की ओर करना करें। आटे का चौमुख दीपक जलाकर गंध, अक्षत, पुष्प से पूजा कर यमराज का ध्यान लगाकर मंत्र का जाप करें। मार्तंड रत्न ज्योतिष अनुसंधान केंद्र के ज्योतिषी पंडित सुनील पैन्युली ने धनतेरस पर खुशहाली के टिप्स बताए हैं।

ऐसे करें मां लक्ष्मी की साधना

धन त्रयोदशी 2 नवंबर को 11:31 से शुरू होकर 3 नवंबर प्रात: 9 बजे तक रहेगी। धनतेरस पर यम के लिए दीपक प्रज्ज्वलित करने का विधान शाम 5: 30 से 7 बजे तक है। इस दौरान चौमुखी दीपक जलाकर ये मंत्र पढ़ें। मृत्युना दंडपाशाभ्यां, कालेन श्यामयासह त्रयोदश्यां दीपदानात सूर्यज: प्रीयतामम। मां लक्ष्मी की साधना के लिए कमल गट्टे की माला, श्रीयंत्र, कुबेर यंत्र, कनकधारा यंत्र, दक्षिणावर्ती शंख, कमल का फूल, मेवे, कौड़ी, गौमती चक्र, एकाक्षी नारियल, खील बतासे, दीपक, लक्ष्मी गणेश की प्रतिमा, सोने व चांदी के सिक्के आदि खरीद करनी चाहिए।

धातु खरीदने से घर में आती है सुख-समृद्धि

ज्योतिषी पैन्युली ने बताया कि धन त्रयोदश से ही पंचपर्व की तैयारियां आरंभ हो जाती है। सदियों से इस दिन धातुओं को खरीदने की परंपरा है। इसके पीछे रहस्य है कि पुराणों में पृथ्वी को लक्ष्मीस्वरूपा कहा गया है। धातुएं पृथ्वी के गर्भ से उत्पन्न होती हैं। इसलिए धातुओं में लक्ष्मी का स्थायी वास होता है। अत: इस दिन शुभ धातु खरीदने से घर में सुख-समृद्धि का स्थायी वास होता है। इसके पीछे व्यावहारिक सिद्धांत यह भी है कि दैनिक वस्तु उपभोग के कुछ समय बाद खंडित या समाप्त हो जाती है, किन्तु शुद्ध धातुओं से बने पात्र या अन्य सामान दीर्घकाल तक तो चलते ही हैं, साथ-साथ उनका मूल्य भी समय के अनुकूल बढ़ता जाता है।

पीतल के बर्तन खरीदना शुभ

ज्योतिषी के अनुसार धनतेरस पर पीतल के बर्तन खरीदना शुभ होता है। तेल व लकड़ी पंच पर्वों से पहले ही खरीदना चाहिए। घर के मुख्य द्वार को सजाएं। काले रंग की वस्तुएं न खरीदें। नुकीला सामान जैसे चाकू, छूरी, कैंची भी न खरीदें। उन्होंने घर में स्थायी बरकत के लिए टिप्स दिए कि इस दिन नई झाडू खरीद कर लाएं।

इस दिन घर में नमक का पोछा लगाएं, इससे घर के वास्तु दोष समाप्त हो जाते हैं। आर्थिक मजबूती के लिए किसी धार्मिक स्थल पर केले का पेड़ लगाएं। इस दिन सफेद वस्तुओं का दान करना कल्याणकारी रहता है।

यह भी पढ़ें:- धनतेरस का त्योहार आज, जानिए खरीदारी का शुभ मुहूर्त; इस तरह करें पूजा