Move to Jagran APP

Diwali 2024: तारीख का कन्फ्यूजन खत्म, अक्टूबर के आखिरी दिन नहीं मनेगी दीपावली; 29 को धनतेरस

Diwali 2024 Date दीपावली की तारीख को लेकर चल रहा कन्फ्यूजन अब खत्म हो गया है। उत्तराखंड ज्योतिष परिषद ने दिवाली की तिथि की घोषणा कर दी है। उनके अनुसार इस साल दिवाली 1 नवंबर को मनाई जाएगी। वहीं धनतेरस 29 अक्टूबर को मनाई जाएगी। ज्योतिषियों का कहना है कि सभी पंचांगों में 1 नवंबर को दिवाली मनाने को स्वीकार किया गया है।

By Rena Edited By: Riya Pandey Updated: Tue, 15 Oct 2024 06:37 PM (IST)
Hero Image
अब 31 या 1 का कन्फ्यूजन खत्म

जागरण संवाददाता, रुड़की। उत्तराखंड ज्योतिष परिषद कार्यालय में आयोजित बैठक में आचार्य रमेश सेमवाल ने कहा कि निर्णय सिंधु, धर्म सिंधु एवं मुहूर्त चिंतामणि के अनुसार एक नवंबर को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजधानी पंचांग, वाणी भूषण पंचांग, देवी दयाल पंचांग, मार्तंड पंचांग, उत्तराखंड विद्वत परिषद का पंचांग आदि सब ने एक स्वर में इसे स्वीकार किया है।

पुरानी तहसील स्थित ज्योतिष गुरुकुलम में मंगलवार को आयोजित बैठक में भारतीय त्योहार पर मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए आचार्य रमेश सेमवाल ने कहा कि दीपावली के त्योहार की तिथि को लेकर लोगों में दुविधा देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि सभी पंचांगों में एक नवंबर को दीपावली का पर्व मनाए जाने को स्वीकार किया गया है।

31 अक्टूबर को मनेगी छोटी दीपावली

आचार्य रजनीश शास्त्री ने कहा कि 29 अक्टूबर को धन त्रयोदशी का त्योहार मनाया जाएगा। 30 अक्टूबर को हनुमान जयंती, 31 अक्टूबर को छोटी दीपावली और एक नवंबर को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। राजकुमार शास्त्री, ओमजी वैदिक महाराज, आचार्य रोहित शास्त्री और आचार्य सचिन शास्त्री ने भी एक नवंबर को दीपावली का त्योहार मनाने को शास्त्र सम्मत बताया।

इस मौके पर सचिन शास्त्री को सर्व ब्राह्मण महासभा का मंत्री बनाया गया। कार्यक्रम का संचालन सौरभ भूषण शर्मा ने किया। इस मौके पर जनपदीय ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, आदित्य शर्मा, अरुण शर्मा, अरुण बागेश्वर, गणेश शास्त्री, प्रवीन शास्त्री, गंगा प्रसाद शास्त्री आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- Midday Meal: साहब! टमाटर 100 रुपये, पालक मिल रहा 50- कैसे बच्चों को खिलाएं पत्तेदार सब्जी; छात्रों के पोषण पर असर

त्योहार समाज से जोड़ने एवं संस्कृति को बढ़ाने का करते हैं काम

वहीं त्योहार को लेकर शहर के ही न्यू नेहरू नगर सोसाइटी की मंगलवार को हुई मासिक बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने का संदेश दिया गया। नेहरू नगर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजपाल सिंह ने कहा कि हम सभी को सारे त्योहार आपसी सद्भावना के साथ मिल-जुलकर मनाने चाहिए। त्योहार हमेशा हमें समाज से जोड़ने एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। यही हमारे त्योहारों का विशेष महत्व है।

एसपी सिंह ने कहा कि दीपावली का पर्व हम सभी के लिए एक विशेष है। दीपावली पर रोशनी का अलग ही महत्व होता है। इसलिए हमें अपनी सोसाइटी की खराब हुई स्ट्रीट लाइटों को चिह्नित कर संबंधित अधिकारी से मिलकर त्योहार से पहले ठीक करवा लेना चाहिए।

दीपावली पर पटाखों को लेकर भी दी गई हिदायत

कैलाश चंद्र सुंदरियाल ने कहा कि दीपावली पर बच्चों के द्वारा उत्साह में कई बार पटाखे चलाते वक्त लापरवाही के कारण बड़ी दुर्घटनाएं घटित हो जाती हैं। इससे बचने के लिए बड़ों का दायित्व है कि बच्चों के साथ रहकर उनका ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी से बड़ी दुर्घटनाओं से बचकर त्योहार का आनंद लें।

बैठक का संचालन महासचिव विकास त्यागी ने किया। इस अवसर पर संरक्षक राजेंद्र खुल्लर, नरेश चौहान, अशोक कुमार शर्मा, मांगेराम अग्रवाल, हार्दिक त्यागी आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- Kedarnath By-Election 2024: केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को मतदान, 23 को आएंगे नतीजे

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें