Move to Jagran APP

हरिद्वार में गंगा बंदी आज आधी रात से, 20 दिन बाद दीपावली की रात छोड़ा जाएगा जल

Ganga Canal Closer दशहरे की मध्यरात्रि से गंगनहर 20 दिनों के लिए बंद रहेगी। इस दौरान हरकी पैड़ी में स्नान योग्य गंगाजल की कमी रहेगी। नहर बंदी के चलते हरकी पैड़ी समेत सभी गंगा घाटों पर स्नान योग्य गंगाजल बहुत कम मात्रा में उपलब्ध रहता है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग हरकी पैड़ी पर पर्याप्त जल के लिए जगह-जगह बंधे लगवाएगा। सिल्ट की सफाई और मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा।

By Anoop kumar singh Edited By: Nirmala Bohra Updated: Sat, 12 Oct 2024 12:56 PM (IST)
Hero Image
Ganga Canal Closer: दीपावली की मध्यरात्रि से ही गंगनहर में पानी छोड़ा जाएगा। Jagran

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। Ganga Canal Closer: दशहरे की मध्यरात्रि से गंगनहर अगले 20 दिनों के लिए बंद की जाएगी। दीपावली की मध्यरात्रि से ही गंगनहर में पानी छोड़ा जाएगा। इस अवधि में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग गंगनहर की साफ-सफाई, मरम्मत आदि कार्य कराएगा। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ ने बताया कि इस संबंध में मुख्यालय से आदेश प्राप्त हो गए हैं।

हर साल दशहरे की मध्यरात्रि से उत्तरी खंड गंगनहर को मरम्मत आदि कार्यों के लिए बंद किया जाता है। 20 दिनों के लिए गंगनहर बंद रहती है। दीपावली की मध्यरात्रि से ही गंगनहर में जल छोड़ा जाता है। नहर बंदी के चलते हरकी पैड़ी समेत सभी गंगा घाटों पर स्नान योग्य गंगाजल बहुत कम मात्रा में उपलब्ध रहता है। इससे श्रद्धालुओं को भी मायूस होना पड़ता है।

वार्षिक नहर बंदी

उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ अनिल कुमार निमेष ने बताया कि दशहरे की मध्यरात्रि 12-13 अक्टूबर से वार्षिक नहर बंदी रहेगी। इस दौरान हरकी पैड़ी भागीरथी बिंदु से आने वाली गंगा की अविछिन्न धारा से गंगाजल उपलब्ध रहेगा।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड आने वाले सैलानियों के लिए विदेश की तर्ज पर घूमने का नया ठिकाना, तारों की छांव में उठाएंगे पहाड़ी खाने का लुत्‍फ

हालांकि इस बार कोशिश यह रहेगी कि श्रद्धालुओं को स्नान योग्य जल मिल सके। इसके लिए दो-तीन जगहों पर बंधे लगवाए जाएंगे। बाकी गंगा घाटों पर गंगाजल की उपलब्धता दीपावली की रात से ही होगी। इस दौरान गंगनहर से सिल्ट आदि की सफाई के अलावा मरम्मत आदि कार्य कराए जाएंगे।

दशहरा की पूर्व संध्या पर पटरी से उतरी यातायात व्यवस्था

दशहरा पर्व की पूर्व संध्या पर रुड़की शहर जाम हो गया। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे जाम लगा रहा। इसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकांश चौराहे और तिराहे पर पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। इसके चलते लोग जाम से जूझते नजर आए।

दशहरा पर्व को लेकर भले ही ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात प्लान लागू किया गया है, लेकिन उससे एक दिन पहले ही पूरा शहर जाम हो गया। रुड़की के मालवीय चौक और गणेशपुर पुल पर करीब डेढ़ घंटे जाम लगा रहा। जाम के चलते गणेशपुर पुल, गंगनहर पटरी, सेना चौक, दिल्ली रोड, ओवर ब्रिज पर जाम लग गया। जाम के चलते वाहन रेंगते दिखाई दिए। जाम का असर शहर के अन्य हिस्सों में दिखाई दिया।

यह भी पढ़ें- सावधान! एक फोन कॉल आपको कर देगी कंगाल, 30 से ज्‍यादा लोगों को लगा चूना; सतर्क रहें और ये गलतियां कतई न करें

शहर के आजादनगर चौक, बीएसएम तिराहा, रामनगर चौक, रामपुर चुंगी पर जाम दिखा। गणेशपुर पर जाम लगने की वजह से वाहनों ने गंगनहर पटरी का रुख किया। जिसके चलते गंगनहर की दोनों पटरी जाम से पैक हो गई। यहां पर भी लोगों का पैदल निकलना दूभर हो गया।

इसके बाद नया पुल, प्रकाश ब्रिज, नगर निगम पुल पर जाम लग गया। मेनबाजार और बीटी गंज में भी जाम लग गया। जाम में फंसे लोग खुद ही वाहनों को निकालते दिखाई दिए। इस दौरान कहीं पर भी पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। वहीं, दशहरे से पूर्व ही जाम लगने से पुलिस की व्यवस्था की पोल खुलती नजर आई।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें