Move to Jagran APP

Haridwar News: ये हैं वो दो कैदी जो हरिद्वार जेल से हुए फरार, रात भर घटना को दबाए रहा जेल प्रशासन

रुड़की और गोंडा के दो कैदी रोशनाबाद स्थित जिला कारागार से रामलीला मंचन के दौरान फरार हो गए। एक कैदी हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था जबकि दूसरा अपहरण के मामले में विचाराधीन कैदी था। जेल से दो कैदियों के फरार होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर कैदियों की तलाश शुरू कर दी है।

By Anoop kumar singh Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sun, 13 Oct 2024 09:04 AM (IST)
Hero Image
फरार कैदी की फाइल फोटो। साभार जेल प्रशासन

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित जिला कारागार में रामलीला मंचन के दौरान दो कैदी दीवार कूदकर फरार हो गए। फरार हुए कैदियों में एक हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। जबकि दूसरा अपहरण के मामले में विचाराधीन कैदी है। जेल से दो कैदियों के फरार होने से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पूरे जिले में नाकाबंदी कर पुलिस ने कैदियों की तलाश की।

जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने अधीनस्थों के साथ जिला कारागार पहुंचकर जानकारी ली। फारेंसिंक टीम और डाॅग स्क्वायड बुलाकर सुराग जुटाए गए। फरार कैदी पंकज और रामकुमार के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

आजीवन कारावास की मिली है सजा

जेल में कई दिन से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कैदी और बंदी ही अलग-अलग पात्र निभा रहे हैं। शुक्रवार की शाम जेल के बंदी और स्टाफ रामलीला मंचन देख रहे थे। तभी आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी पंकज निवासी रुड़की और अपहरण के मामले में विचाराधीन कैदी रामकुमार निवासी गौंडा उत्तर प्रदेश जेल में चल रहे निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सीढ़ी के सहारे जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। जेल परिसर में घटना की जानकारी लेने के बाद मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी कर्मेद्र सिंह ने बताया कि कैदियों के फरार होने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मजिस्ट्रेट जांच भी करायी जाएगी।

डीएम ने कहा, जेल प्रशासन की लापरवाही 

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया जेल प्रशासन की लापरवाही सामने आयी है। जेल अधीक्षक अवकाश पर हैं। डयूटी पर मौजूद अधिकारी और सुरक्षाकर्मी रामलीला में व्यस्त थे। इसका फायदा उठाकर कैदी फरार हुए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पुलिस दोनों कैदियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा। एसएसपी ने बताया कि हत्या के मामले में सजा काट रहा कैदी प्रवीण वाल्मीकि गैंग से जुड़ा हुआ है। प्यारेलाल आर्य प्रभारी कारापाल जिला कारागार की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है।

शाम की घटना, सुबह दी पुलिस को सूचना

हरिद्वार जेल प्रशासन रात भर कैदियों की तलाश में जुटा रहा। पुलिस को सूचना सुबह साढ़े छह बजे दी गई। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि सुबह साढ़े छह बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर कैदी फरार होने की सूचना दी गई। सूचना देने में देरी का क्या कारण रहा, इसकी भी जांच की जा रही है।

नहीं हुआ रावण दहन

हरिद्वार जेल में चार अक्टूबर से रामलीला मंचन किया जा रहा था। रोजाना शाम के समय मंचन होता था। जिसमें कैदी और बंदी ही अलग-अलग पात्र निभाते थे। वे रिहर्सल आदि भी जेल में करते थे। आठ दिन तक रामलीला मंचन के बाद शनिवार को रावण दहन का कार्यक्रम होना था। इससे पूर्व विभीषण शरगणति, लक्ष्मण मूर्छा जैसी लीलाओं का मंच हुआ था। शनिवार को राम रावण युद्ध के बाद पुतला दहन की तैयारी थी। लेकिन शुक्रवार की शाम कैदी फरार होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा। जिस कारण शनिवार को रावण दहन का कार्यक्रम नहीं हुआ।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें