Move to Jagran APP

Amritpal Singh: भारत में अलर्ट के बाद नेपाल में भी चौकसी, पाकिस्तान व कनाडा जाने वालों पर विशेष नजर

Amritpal Singh भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय त्रिभुवन एयरपोर्ट पर उससे संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध कराई है। उत्तराखंड से लगते नेपाल के सीमावर्ती थानों व सुरक्षा अधिकारियों को भी अमृतपाल की फोटो उपलब्ध कराई गई है।

By Jagran NewsEdited By: Nirmala BohraUpdated: Sat, 25 Mar 2023 07:38 AM (IST)
Hero Image
Amritpal Singh: अमृतपाल को लेकर भारत में अलर्ट के बीच नेपाल ने भी चौकसी बढ़ा दी है।

अभिषेक राज, हल्द्वानी : Amritpal Singh: पंजाब से भगोड़े खालिस्तान समर्थक अमृतपाल को लेकर पूरे देश में अलर्ट के बीच नेपाल ने भी चौकसी बढ़ा दी है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय त्रिभुवन एयरपोर्ट पर उससे संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध कराई है।

इसी के बाद वहां से पाकिस्तान व कनाडा जाने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसमें नेपाल स्थित भारतीय दूतवास अहम भूमिका निभा रहा है। फिलहाल उत्तराखंड से लगते नेपाल के सीमावर्ती थानों व सुरक्षा अधिकारियों को भी अमृतपाल की फोटो उपलब्ध कराई गई है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने सीआइबी से समन्वय बनाए हैं।

नेपाल की ओर से किए जा रहे सहयोग का यह पहला मामला नहीं

अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए नेपाल की ओर से किए जा रहे सहयोग का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी नेपाल की मदद से खालिस्तान एरिया फोर्स के डिप्टी कमांडर सुखबीर सिंह, खालिस्तानी लिबरेशन फ्रंट के भागा सिंह व अजमेर सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गत वर्ष 25 अक्टूबर को काठमांडू से छह संदिग्ध अफगानी भी पकड़े गए थे, जिन्होंने दिल्ली से आधार कार्ड बनवाया था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियां उनकी तलाश कर रही थीं। सूचना नेपाल से भी साझा की गई थी। अंत में नेपाल के सहयोग से उन्हें दबोच लिया गया।

नेपाल में आइएसआइ कर सकती है मदद

आइबी को मिले इनपुट के अनुसार फरार अमृतपाल को नेपाल में पाकिस्तानी खूफिया एजेंसी आइएसआइ के सक्रिय एजेंट मदद कर सकते हैं। आशंका यह भी है कि वह नेपाल से फर्जी पासपोर्ट बनवाने की कोशिश करेगा या फिर बनवा चुका होगा! इसके इतर उसके बांग्लादेश जाने की भी आशंका जताई जा रही है। इसके लिए वह नेपाल में कुछ समय रुक सकता है।

आइबी के साथ एसएसबी इंटेलिजेंस भी सक्रिय

अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए आइबी के साथ ही एटीएस व एसएसबी के इंटेलिजेंस विंग को भी अलर्ट किया गया है। गृह मंत्रालय ने 21 मार्च को ही सीमा पर चौकसी बढ़ाने का निर्देश जारी कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह नेपाल-भारत की खुली सीमा का उपयोग भागने के लिए कर सकता है।

फैक्ट:

  • 275 किमी नेपाल से लगी उत्तराखंड की सीमा
  • कुमाऊं का ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ व चंपावत जिला नेपाल से सटा

ताजा हालात में नेपाल की खुली सीमा संवेदनशील है। वहां से घुसपैठ की प्रबल आशंका है। अमृतपाल के मामले में नेपाल के साथ अभी तक बेहतर समन्वय दिख रहा है।

- बीएस रौतेला, भारत-नेपाल संबंधों के जानकार

अमृतपाल को लेकर तीन दिन पूर्व ही सक्रियता बढ़ा दी गई है। एसएसबी के साथ मिलकर निगरानी रख रहे हैं। झूला पुल पर विशेष चौकसी बरती जा रही है।

- लोकेश्वर सिंह, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़

अमृतपाल को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। बार्डर क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश मिले हैं। उसके पोस्टर प्रसारित किए गए हैं।

-अमित श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक चंपावत

अमृतपाल को लेकर सीमांत पुलिस सक्रिय है। नेपाल से भी निरंतर समन्वय बनाए हुए हैं। चोर रास्तों पर हमारी विशेष नजर है।

- टीसी मंजूनाथ, एसएसपी ऊधमसिंहनगर

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।