Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कृषि एवं उद्यान मंत्री की घोषणा, उत्तराखंड में हॉर्टिकल्चर का हब बनेगा Champawat जिला, किसानों को मिलेंगे ये लाभ

उत्तराखंड के ग्राम्य विकास कृषि व उद्यान मंत्री गणेश जोशी शुक्रवार को चंपावत में थे। इस दौरान उन्होंने जिले को हार्टिकल्चर का हब बनाकर मॉडल जिला बनाने की बात कही। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। साथ ही योजनाएं भी साझा कीं।

By Rajesh VermaEdited By: Updated: Fri, 09 Sep 2022 05:57 PM (IST)
Hero Image
कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने चंपावत का मॉडल जिला बनाने की बात कही है।

जागरण संवाददाता, चम्पावत : जनपद चंपावत को मॉडल जिला बनाया जा रहा है। शीघ्र ही चंपावत को हॉर्टिकल्चर का हब बनाया जाएगा। इस क्षेत्र में अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। यहां सेब, कीवी, लीची, अखरोट के साथ ही संतरा, माल्टा की खेती के उद्यानों को बढ़ाया जाएगा। यह बात ग्राम्य विकास, कृषि व उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कही। वह अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान यह बात कही।

शुक्रवार को गोरलचौड़ स्थित गोलू देवता में मंत्री जोशी ने दर्शन किए। इसके बाद वह सीएम कार्यालय पहुंचे। जहाँ उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व काश्तकारों के साथ बैठक की तथा जिले में ओद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं संभावनाओं के बारे में काश्तकारों व अन्य से जानकारी ली।

पंतनगर के वैज्ञानिकों की ली जाएगी मदद

उन्होंने जनपद में औद्यानिक गतिविधियां को बढ़ाए जाने हेतु विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कराए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने उद्यान निदेशक को निर्देश दिए कि जनपद चंपावत में संतरा, माल्टा एवं नीबू प्रजाति के पौधे को विकसित करने के लिए पंतनगर के वैज्ञानिकों की सहायता से यहां शोध कार्य कराए जाने के साथ ही फल पौधों को विकसित किया जाए। उन्होंने निदेशक उद्यान को प्रत्येक माह चंपावत का भ्रमण कर ओद्यानिकी के क्षेत्र को बढ़ाने हेतु कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान उद्यान मंत्री ने जिला उद्यान अधिकारी को उद्यान के क्षेत्र में और अधिक कार्य करते हुए काश्तकारों को औद्योनिकी के क्षेत्र से जोड़ने के निर्देश दिए।

च्यूरा के पौधे रोपें, मौन पालन बढ़ाएं

उन्होंने कहा कि जनपद चंपावत में मौन पालन की अधिक संभावना के मद्देनजर यहां पर च्यूरा के पौधों का रोपण करें तथा मौन पालन को बढ़ावा देने हेतु लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करें। इस दौरान नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री केदार बृजवाल ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से व कोका कोला कंपनी के सहयोग से जिले में 100 सेब के बागान लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक बागान में 250 उन्नत प्रजाति के सेब के पौध निःशुल्क लगाए जा रहे हैं।

सीएम कैंप कार्यालय पहुंचने पर नोडल अधिकारी ने उन्हें पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने कार्यालय में रुद्राक्ष का पौधे का भी रोपण किया गया। इस अवसर पर बाराकोट ब्लॉक विनीता फर्त्याल, प्रदेश भाजपा मंत्री हेमा जोशी, निदेशक उद्यान हरमिंदर सिंह बवेजा, जिला उद्यान अधिकारी टीएन पांडेय,नगर अध्यक्ष भाजपा कैलाश अधिकारी, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष गौरव पांडेय, राजेश उप्रेती, आदि मौजूद रहे।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें