Move to Jagran APP

Heavy Rain in Uttarakhand: 12 घंटे की बारिश ने धोया इस शहर का आठ सालों का रिकॉर्ड, 7.5 डिग्री लुढ़का तापमान

Heavy Rain in Uttarakhand सर्दियों का सीजन सूखा गुजरा और गर्मियों में भी मौसम की बेरुखी ने काफी सताया लेकिन मानसून की शुरुआत से बदरा जमकर बरस रहे हैं। वहीं हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की वजह से नगर के मार्गों में जलभराव की स्थितियां बनी रही। पिछले आठ वर्षों में जुलाई में 24 घंटे के भीतर हुई वर्षा का रिकॉर्ड टूट गया।

By sumit joshi Edited By: Nirmala Bohra Published: Thu, 04 Jul 2024 07:33 AM (IST)Updated: Thu, 04 Jul 2024 07:33 AM (IST)
Heavy Rain in Uttarakhand: हल्द्वानी में बुधवार को दर्ज की गई 111 मिलीमीटर वर्षा

जासं, हल्द्वानी। Heavy Rain in Uttarakhand: सर्दियों का सीजन सूखा गुजरा और गर्मियों में भी मौसम की बेरुखी ने काफी सताया, लेकिन मानसून की शुरुआत से बदरा जमकर बरस रहे हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक झमाझम वर्षा हो रही है। मंगलवार देर रात से बुधवार दोपहर तक हल्द्वानी सहित आसपास के इलाकों में मूसलधार बारिश हुई है।

वर्ष आरंभ के बाद पहली बार मेघ लगातार 12 घंटे बरसे। ऐसे में पिछले आठ वर्षों में जुलाई में 24 घंटे के भीतर हुई वर्षा का रिकॉर्ड टूट गया।  दरअसल, हल्द्वानी सहित पूरे नैनीताल जिले में मंगलवार देर रात से भारी वर्षा का क्रम जारी रहा। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की वजह से नगर के मुख्य मार्गों के साथ ही आंतरिक सड़कों में भी जलभराव की स्थितियां बनी रही।

नैनीताल जिले में 49.7 एमएम कुल औसत वर्षा रिकॉर्ड

ऐसे में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब दो बजे तक तेज वर्षा का क्रम जारी रहा। इसके बाद मौसम साफ हुआ और हल्की धूप खिल आई। हालांकि, शाम के समय फिर से हल्की बूंदाबांदी का क्रम प्रारंभ हो गया। जिला आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार नैनीताल जिले में 49.7 एमएम कुल औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसमें हल्द्वानी में सर्वाधिक 111 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई।

वहीं चोरगलिया में 103 एमएम, कालाढूंगी में 80 एमएम, नैनीताल में 43 एमएम, कोश्याकुटोली में 24.1 एमएम, रामनगर 32 एमएम, मुक्तेश्वर में 20.3 एमएम, बेतालघाट में 14.5 एमएम और धारी में 20 एमएम वर्षा रिकाॅर्ड की गई।

जुलाई में पिछले आठ में 24 घंटे की वर्षा

  • वर्ष - वर्षा (एमएम)
  • 2016 - 38.8
  • 2017 - 33.8
  • 2018 - 46.8
  • 2019 - 77.2
  • 2020 - 75.8
  • 2021 - 35.8
  • 2022 - 58.9
  • 2023 - 54.0

वर्षा होने से हल्द्वानी में 7.5 डिग्री लुढ़का पारा

हल्द्वानी सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की वजह से तापमान 7.5 डिग्री लुढ़क गया। ऐसे में गर्मी से राहत महसूस की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हल्द्वानी क्षेत्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। वहीं आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में गर्मी से राहत बनी रहेगी।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.