Move to Jagran APP

अल्मोड़ा के सोमेश्वर रेंज में बहुपयोगी देवदार के पेड़ काटे, डीएफओ खुद स्थलीय निरीक्षण कर बैठाएंगे जांच

लमगड़ा वन चौकी क्षेत्र में बहुमूल्य देवदार के पेड़ों पर आरे चलाए जाने का मामला सामने आया है। यहां कंपार्टमेंट नंबर-11 में चौकी के पास ही तीन जबकि एक पुराना लमगड़ा बंगला के समीप तस्करों ने एक पेड़ काटा है।

By Prashant MishraEdited By: Updated: Wed, 29 Sep 2021 06:08 PM (IST)
Hero Image
विभागीय स्तर पर कंपार्टमेंट की गहन जांच की जाय तो और बड़ा खुलासा हो सकता है।
जागरण संवाददाता, सोमेश्वर (अल्मोड़ा) : वन चौकी क्षेत्र में हरियाली के पहरेदारों की नाक तले देवदार के हरेभरे पेड़ काट गिराए गए हैं। सूत्र बताते हैं कि कंपार्टमेंट नंबर-11 में बहुपयोगी देवदार व अन्य पेड़ों के अवैध कटान और तस्करी का खेल अरसे से चल रहा है। ठीकठाक गोलाई वाले चार बड़े वृक्षों के ठूंठ इसकी तस्दीक कर रहे। सूत्र यह भी दावा करते हैं कि विभागीय स्तर पर कंपार्टमेंट की गहन जांच की जाय तो और बड़ा खुलासा हो सकता है। इधर डीएफओ ने कहा कि स्थलीय निरीक्षण कर जांच कराएंगे।

वन एवं पर्यावरण संरक्षण की दुहाई के बीच पेड़ों पर सितम भी ढाया जा रहा है। तहसील के डौनी गांव से कुछ आगे लमगड़ा वन चौकी क्षेत्र में बहुमूल्य देवदार के पेड़ों पर आरे चलाए जाने का मामला सामने आया है। यहां कंपार्टमेंट नंबर-11 में चौकी के पास ही तीन जबकि एक पुराना लमगड़ा बंगला के समीप तस्करों ने एक पेड़ काटा है। जमीन से कुछ ऊपर ठूंठ के जख्म डेढ़ दो माह पुराने प्रतीत हो रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक आरक्षित वन क्षेत्र में लमगड़ा वन चौकी से खत्ते समेत पूरे कंपार्टमेंट की निष्पक्ष जांच कराए जाने पर कुछ और पेड़ काटे जाने की पुष्टिï हो सकती है। नाम न छापने की शर्त पर कुछ लोगों ने दबी जुबान बताया कि पेड़ों का अवैध कटान रात में हो रहा है। हैरत की बात है कि वन चौकी के पास पेड़ कटे और जंगल के रखवालों को भनक तक नहीं लगी। 

डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि देवदार काटे जाने का पता अभी लगा है। पूरा मामला पता लगा रहे हैं। खुद स्थलीय निरीक्षण कर जांच कराएंगे। विभागीय लोगों से भी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। 

वन क्षेत्राधिकारी का कहना है कि मेरी जानकारी में नहीं आया है। वैसे भी मैंने हाल ही में चार्ज लिया है। पेड़ काटे गए हैं मुझे पता नहीं है। मौके पर जाकर देखता हूं। उसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।