Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

MS Dhoni in Uttarakhand: उत्तराखंड में दिखी धोनी की सादगी, इंटरनेट मीडिया में छाया कैप्टन कूल का पहाड़ प्रेम

MS Dhoni in Uttarakhand भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी वैसे तो अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं। कैप्टन कूल जहां जाते हैं सभी को अपना दीवाना बना लेते हैं। अब एक बार फिर से धोनी की सादगी उत्तराखंड में दिखी। उत्तराखंड में धोनी और उनका परिवार करीब 40 साल बाद आया। धोनी के वीडियो पहाड़ के इंटरनेट मीडिया यूजर्स की पसंद बन गए हैं।

By Jagran NewsEdited By: Swati SinghUpdated: Sat, 18 Nov 2023 08:31 AM (IST)
Hero Image
उत्तराखंड में दिखी धोनी की सादगी, इंटरनेट मीडिया में छाया कैप्टन कूल का पहाड़ प्रेम

किशोर जोशी, नैनीताल। महेंद्र सिंह धोनी के पैतृक भूमि के दौरे ने पहाड़ के लोकजीवन सहित रिश्ते, नातों, परंपरा, लोक मान्यताओं को चर्चा में ला दिया है। पैतृक गांव में आमा व दीदी को दंडवत प्रणाम करने, हरज्यू मंदिर में पूजा अर्चना, घर में प्रवेश, ग्रामीणों के साथ आत्मीय मुलाकात के फोटोग्राफ व वीडियो पहाड़ के इंटरनेट मीडिया यूजर्स की पसंद बन गए हैं।

धोनी के वीडियो के साथ वेदना वाले कुमाऊंनी-गढ़वाली गीत प्रवासियों को एक बार गांव की सुध लेने को प्रेरित कर रहे हैं। कुमाऊंनी लोकगायक बीके सामंत का प्रसिद्ध गीत तू आंखों को काजलो, तू ह्यून को बादल, बूलूं मैं, तू ऐजा, तू धूप को आंचल, सुन ओ गंग गाड़, करुं में डड़-डाड़ तू ऐजा ओ पहाड़...बंद यो घर द्वार के साथ ही प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, लोकगायिका खुशी जोशी व लोकगायक किशन महिपाल का कोरोना काल में गाया गीत उत्तराखंडी परवासी भै बंधु, जी रया, जागी रया, लागी बाडुली...धोनी के बहाने प्रवासियों को पहाड़ पर आमंत्रित कर रहा है।

पत्नी के जन्मदिन पर गांव पहुंचे थे धोनी

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी करीब 20 वर्ष बाद पत्नी साक्षी का जन्मदिन मनाने के लिए एक सप्ताह के पहाड़ दौरे पर हैं। धोनी के मूल गांव ल्वाली में आमा, दीदी सहित अन्य के साथ के वीडियो और फोटोग्राफ पहाड़ के लाखों मूल व प्रवासियों ने अपने स्टेटस के साथ ही इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर प्रेम प्रकट किया है। लोकगायक बीके सामंत धोनी के साथ, तू ऐजा हो पहाड़...गीत के चर्चा में आने पर उत्साहित हैं।

यह भी पढ़ें: Dhoni Almora Visit: धोनी ने अपने पैतृक गांव में दो दिन बिताने के बाद लोगों से लिया विदा, फलों के सीजन में लौटने के दिए संकेत

नैनीताल में फैंस के बीच पहुंचे धोनी

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान पहाड़ के लाडले महेंद्र सिंह धोनी पहाड़पानी क्षेत्र के नाटाडोल से शुक्रवार को नैनीताल पहुंचे। मॉल रोड पर कुछ देर जाम में फंसे तो प्रशंसकों ने ऑटोग्राफ लेने के साथ ही फोटो भी खिंचवाई। धोनी रविवार को पंगोट की सुरम्य वादियों में पत्नी साक्षी का जन्मदिन मनाकर रांची लौट जाएंगे।

धोनी ने दिया ऑटोग्राफ

गुरुवार को अल्मोड़ा जिले के नाटाडोल होम स्टे में ठहरे माही ने हरे भरे पेड़ों के बीच प्रकृति का आनंद लिया। सैम मंदिर में दर्शन कर भारतीय टीम के विश्व कप जीतने की प्रार्थना की। धोनी ने स्थानीय निवासी भास्कर जोशी को ऑटोग्राफ भी दिए। होम स्टे से सख्त पहरे के बीच शुक्रवार को जब धोनी निकलने लगे तो ग्रामीण वहां पहुंच गए। इसपर उन्होंने सभी के साथ फोटो खिंचवाई। पूर्वाह्न करीब 11 बजे वहां से धोनी नैनीताल के लिए रवाना हुए।