Move to Jagran APP

Nainital News: नशे में थे यूपी और हरियाणा के पर्यटक, पंजा लड़ाने को लेकर भिड़े, होटल में काटा हंगामा

Nainital News तल्लीताल क्षेत्र के होटल में पर्यटकों ने शराब पीकर जमकर हंगामा किया। एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि देर रात पर्यटकों के दो पक्षों में पंजा लड़ाने की बात पर झगड़ा हो गया। सख्ती बरतते हुए पुलिस सभी पर्यटकों को थाने ले आई।

By Jagran NewsEdited By: Nirmala BohraUpdated: Sun, 29 Jan 2023 08:44 AM (IST)
Hero Image
Nainital News: सख्ती बरतते हुए पुलिस सभी पर्यटकों को थाने ले आई।

जागरण संवाददाता, नैनीताल: Nainital News: तल्लीताल क्षेत्र के होटल में पर्यटकों ने शराब पीकर जमकर हंगामा किया। शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि तल्लीताल स्थित आनंद गेस्ट हाउस में कुछ पर्यटक झगड़ रहे हैं।

सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर झगड़ा शांत करने का प्रयास किया, लेकिन पर्यटक एक-दूसरे से हाथापाई करते रहे। सख्ती बरतते हुए पुलिस सभी पर्यटकों को थाने ले आई। वहां भी पर्यटकों ने जमकर हंगामा किया।

एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि देर रात पर्यटकों के दो पक्षों में पंजा लड़ाने की बात पर झगड़ा हो गया। उन्होंने देवरिया उप्र निवासी अंकित मिश्रा, बलिया उप्र के प्रकाश गुप्ता व रत्नेश कुमार सिंह, हरियाणा के रेवाड़ी निवासी भरत यादव, अभिषेक कुमार व प्रसंजीत सिंह के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की। एसडीएम कोर्ट में पेश कर उन्हें छोड़ दिया गया।

धूप खिलने से मौसम हुआ सुहावना

वहीं शनिवार को नैनीताल के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार नजर आए। नैनी झील सहित मालरोड पर सैलानियों की भीड़ नजर आई। अर्से बाद पर्यटक वाहन सड़कों पर रैंगते नजर आए तो पुलिस को यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए एक्टिव मोड में उतरना पड़ा।

नगर में हिमपात धोखा दे गया, लेकिन चटक गुनगुनी धूप ने सैलानियों की शिकायत दूर कर दी। वीकेंड अवकाश के चलते सैलानियों का शुक्रवार देर सांय से पहुंचना शुरू हो गया था, जो शनिवार शाम तक जारी रहा। जिस कारण मुख्य स्थानों पर स्थित होटलों के अधिकांश कमरे पैक हो गए। पर्यटकों की भीड़ से पर्यटन कारोबारी खुश नजर आए तो नगर की रंगत भी खिली हुई थी।

तापमान बढ़ने से ठंड का नामोनिशान नहीं था और स्नोव्यू, चिड़ियाघर, हिमालय दर्शन, केव गार्डन वॉटर फॉल समेत नगर के पर्यटन स्थल सैलानियों से पटे हुए नजर आए। इस बीच वाहन पार्किंग की तलाश में कुछ सैलानी परेशान भी नजर आए। जिस कारण यातायात हल्का प्रभावित भी हुआ।

पर्यटन कारोबारियों के अनुसार रविवार को डे विजिट पर आने वाले सैलानियों की संख्या अधिक रहेगी। मगर शाम ढलने के बाद पाला गिरना शुरू हो गया और ठंड में बढ़ोत्तरी हो गई। लोगों को टोपी मफलर के साथ हीटर व आग का सहारा लेना पड़ा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।