Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नैनीताल में अब यातायात नियम पढ़ाएगी गांधी प्रतिमा, 75 साल बाद शहर में चर्खे पर सूत कातते आएंगे नजर

Nainital News नैनीताल में महात्मा गांधी की प्रतिमा अब सरोवर नगरी के बीच चौराहे पर पर्यटक वाहनों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेगी। पुरानी प्रतिमा को गांधी ग्राम ताकुला में स्थानांतरित किया जाएगा जबकि डांठ के मुख्य चौराहे पर नई प्रतिमा लगाई जाएगी। करीब 75 साल बाद शहर में गांधी जी चरखे पर सूत कातते नजर आएंगे।

By kishore joshi Edited By: Nirmala Bohra Updated: Fri, 04 Oct 2024 03:22 PM (IST)
Hero Image
Nainital News: झील किनारे चौड़ीकरण की जद में आने से गांधी प्रतिमा होगी शिफ्ट. Jagran

किशोर जोशी, नैनीताल। Nainital News: सत्य-अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा अब सरोवर नगरी के बीच चौराहे पर पर्यटक वाहनों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाते आगे बढ़ने को प्रेरित करेगी।

गांधी जी की पुरानी प्रतिमा को गांधी ग्राम ताकुला में शिफ्ट किया जाएगा जबकि डांठ के मुख्य बिंदु पर अब गांधी की नई प्रतिमा लगाई जाएगी। ऐसे में करीब 75 साल बाद शहर में गांधी मशीन में चर्खे पर सूत कातते नजर आएंगे।

गांधी जी ने वर्ष 1929 में इसी स्थान पर हरिजन कल्याण के लिए धन एकत्र किया था। तब महिलाओं ने जनहित में उन्हें गले से मंगलसूत्र तक उतार कर दे दिए थे।

यह भी पढ़ें- Navratri 2024: घर बैठे करें देवियों के पांच धामों के दर्शन, जुटा भक्‍तों का रेला; अद्भुत और रहस्‍यमय कहानी

तल्लीताल डांठ और हाई कोर्ट तिराहा सहित चौराहों का चौड़ीकरण

शहर को पर्यटन सीजन में जाम से छुटकारा दिलाने के लिए लोक निर्माण विभाग तल्लीताल डांठ और हाई कोर्ट तिराहा सहित चौराहों का चौड़ीकरण कर रहा है। हाई कोर्ट तिराहे का काम पूरा हो चुका है। तल्लीताल डांठ पर भी चौड़ीकरण का काम आरंभ हो चुका है। डांठ पर माल रोड किनारे गांधी प्रतिमा स्थापित है। उसी के समीप झील नियंत्रण कक्ष है। अब इस तिराहे का भी चौड़ीकरण हो चुका है लेकिन गांधी प्रतिमा की वजह से चौड़ीकरण का मकसद पूरा नहीं हो रहा है।

पर्यटन सीजन के दौरान डांठ के मुख्य चौराहे पर टिन की छतरी तेज हवा में धराशायी हो गई थी। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने नई व्यवस्था बनाते हुए वाहनों को भवाली व हल्द्वानी मार्ग के बजाय घुमाकर मल्लीताल भेजना आरंभ किया। यह सिस्टम आज भी लागू है। इधर, अब लोनिवि ने झील किनारे 70 के दशक में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को शिफ्ट करने का निर्णय लिया है।

यह भी पढ़ें-Navratri 2024: देवभूमि की इस देवी की यात्रा बेहद खास, केवल पुरुष ही लेते हैं भाग

विधायक सरिता आर्य व डीएम वंदना के निर्देश पर महात्मा गांधी की पुरानी प्रतिमा को गांधी ग्राम ताकुला में शिफ्ट किया जाएगा जबकि डांठ के मुख्य बिंदु पर अब गांधी की नई प्रतिमा लगाई जाएगी। अब तक गांधी जी की खड़ी मुद्रा में स्थापित प्रतिमा सत्य, अहिंसा, शांति-सद्भाव के लिए प्रेरित कर रही थी, अब नई प्रतिमा में गांधी जी चरखे पर सूत कातते नजर आएंगे। लोनिवि के अभियंता विवेक धर्मशक्तू के अनुसार काम शुरू किया जा चुका है। मुख्य चौराहे पर अब प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

अब कहां देंगे धरना

तल्लीताल में गांधी चौक के समीप अक्सर सामाजिक व राजनीतिक संगठनों की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाता रहा है। अब यहां से गांधी जी की प्रतिमा शिफ्ट होने व दूसरी प्रतिमा के मुख्य चौराहे पर स्थापित होने के बाद संगठनों को झील किनारे ही धरना-प्रदर्शन करना होगा जबकि माल्यार्पण के लिए चौराहे पर जाना होगा।

वहीं, डांठ चौड़ीकरण के प्रोजेक्ट में ब्रिटिशकालीन डाकघर को भी शिफ्ट किया जाना है। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संचार मंत्री को पत्र लिखा है। केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर डाक विभाग की ओर से रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई है। जिला प्रशासन ने पुराना बस स्टेशन की नई बनी बिल्डिंग में डाकघर शिफ्ट करने का प्रस्ताव डाक विभाग को दिया है। इस मामले में भारत सरकार के निर्देशों का इंतजार है।

संग्रहालय में स्थापित होगी प्रतिमा

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सक्सेना ने बताया कि तल्लीताल में स्थापित गांधी प्रतिमा ताकुला गांधी संग्रहालय में स्थापित की जाएगी। वहीं, तल्लीताल डांठ पर चरखा कताई करती गांधी जी की नई प्रतिमा लगाई जाएगी। व्यापार मंडल व विधायक की सहमति मिल चुकी है। जिलाधिकारी को अवगत कराया गया है। मूर्ति के लिए चंडीगढ़ व जयपुर में बातचीत की जा रही है। जल्दी ही आर्डर फाइनल किया जा रहा है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें