Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नैनीताल में मां नंदा सुनंदा के दर्शनों को उमड़ा आस्था व श्रद्धा का ज्वार, 50 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Nanda Devi Mahotsav नैनीताल में आयोजित श्रीराम सेवक सभा के नंदा देवी महोत्सव में मां नंदा सुनंदा की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अनुमान है कि पूरे दिन 50 हजार से अधिक भक्तों ने मां नंदा-सुनंदा के दर्शन कर धन धान्य की कामना की। मेले में पशुबलि ना हो इसके लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी गश्त करते रहे।

By kishore joshi Edited By: Nirmala Bohra Updated: Wed, 11 Sep 2024 12:17 PM (IST)
Hero Image
Nanda Devi Mahotsav: वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न। जागरण

जासं, नैनीताल। Nanda Devi Mahotsav: श्रीराम सेवक सभा की ओर से आयोजित नंदा देवी महोत्सव में मां नंदा सुनंदा की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में आस्था व श्रद्धा का ज्वार उमड़ पड़ा। आलम यह रहा कि तड़के से दोपहर बाद तक भक्तों की मंदिर परिसर से दो-तीन सौ मीटर दूर तक लंबी कतारें लगी रहीं। मेले में पशुबलि ना हो, इसके लिए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी गश्त कर रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन किए, फिर सीधा प्रसारण कक्ष से लोगों को नंदाष्टमी की शुभकामनाएं दी। मंगलवार आधी रात को मूर्तियों के निर्माण के बाद उन्हें विधिपूर्वक मां नयना देवी मंदिर परिसर के भव्य मंडप में प्रतिष्ठापित किया गया।

50 हजार से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

आचार्य भगवती प्रसाद जोशी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई। जिसमें श्रीराम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह सपत्निक यजमान रहे। इसके बाद मूर्तियों को आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिया गया। अनुमान है कि पूरे दिन 50 हजार से अधिक भक्तों ने मां नंदा-सुनंदा के दर्शन कर धन धान्य की कामना की। मंदिर परिसर में अनुष्ठान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की ओर से पूजा अर्चना के बाद संकल्प इत्यादि किया जा रहा है। एक दर्जन से अधिक पुरोहित अनुष्ठान करवा रहे हैं।

आयोजकों की ओर से धार्मिक क्रियाकलापों व गतिविधियों का यू-ट्यूब से सीधा प्रसारण किया जा रहा है। यहां पर आयोजक संस्था के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, मुकेश जोशी, कमलेश ढौंडियाल, भुवन बिष्ट, भीम सिंह कार्की, विमल चौधरी, मोहित साह, हरीश राणा, अशोक साह, राजेन्द्र बिष्ट, विमल चौधरी, डा मनोज बिष्ट, ललित साह, कैलाश जोशी, गिरीश जोशी मक्खन, देवेंद्र लाल साह, गाेधन सिंह बिष्ट, हीरा बिष्ट आदि थे। पुलिस सुरक्षा में मंदिर परिसर पहुंचे बकरे महोत्सव में पशु बलि पूरी तरह प्रतिबंधित रही।

मंदिर परिसर से पांच सौ मीटर दूर पार्किंग में स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस कर्मियों के साथ डटी रही। जहां वीडियोग्राफी करते हुए पुलिस टीम के साथ बकरों को मंदिर तक ले जाया गया, जहां से पूजा अर्चना के बाद बकरे को बाहर तक लाया गया। टीम प्रभारी डा. हेमा राठौर ने बताया कि शाम तक 87 बकरे लेकर श्रद्धालु पहुंचे थे। टीम में डा. तरुणा बैला, डा. आयुष नेगी, डा. धीरज अधिकारी, राजीव पाठक, अनिल शर्मा आदि थे।

यह भी पढ़ें- उत्‍तराखंड में दुनिया की इकलौती जगह, जहां खिलते हैं 500 से अधिक प्रजाति के फूल; पर्यटकों की भीड़ का टूटा रिकॉर्ड

मंदिर परिसर में अनुष्ठान

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की ओर से पूजा अर्चना के बाद संकल्प इत्यादि किया गया। करीब एक दर्जन से अधिक पुरोहितों ने अनुष्ठान संपन्न करवाया। आयोजकों की ओर से पूजा अर्चना का यूट्यूब से सीधा प्रसारण किया गया। पुलिस के साथ विभिन्न विद्यालयों सहित संस्थाओं के स्वयंसेवक व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: आज बागेश्वर में भारी से भारी बारिश का आरेंज अलर्ट, दून समेत सात जिलों में होगी तेज बरसात

होटल एसोसिएशन ने पिलाया जूस

मेला परिसर में श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल के लिए पंडाल बनाया गया, जहां स्वयंसेवकों ने टोकन सिस्टम से व्यवस्था बनाई। होटल एसोसिएशन की ओर से 15 हजार श्रद्धालुओं को जूस पिलाने के साथ ही ढाई हजार बच्चों को लेखन किट प्रदान की गई। इस दौरान एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, महासचिव वेद साह, वंदना साह, वेदिका साह, आलोक साह, प्रवीण शर्मा, लोकेश जोशी, रमनदीप सिंह, चंद्रविजय बिष्ट, स्नेह छाबड़ा, रुचिर साह, प्रीति सेठी, अनुराधा बिष्ट, हर्षलीन, घनश्याम बेलवाल, सुमित जेठी, अवतार सिंह आदि मौजूद थे।

सीधा प्रसारण कक्ष में बही भक्ति की रसधार

नंदा देवी महोत्सव के दौरान सेवा समिति हाल में बने सीधा प्रसारण कक्ष में भक्ति की खूब रसधार बही। पुरोहित भगवती प्रसाद जोशी व नवीन तिवारी ने मां नंदा सुनंदा, मां नयना देवी की भक्ति की महत्ता बताई। राधा कृष्ण एकेडमी हल्द्वानी की डा गुंजन जोशी व दीपा रौतेला ने मां के भजन व डिंपल जोशी, प्रेम गोस्वामी, दीपा, कंचन ने न्यौली व शगुन आंखर की प्रस्तुति दी। संचालन पूर्व प्रमुख वन संरक्षक डा. कपिल जोशी, नवीन पांडे, प्रो. ललित तिवारी व मीनाक्षी कीर्ति ने किया।

नंदा देवी महोत्सव में आज

  • मंदिर परिसर में दुर्गा सप्तसती पाठ एवं हवन सुबह दस बजे से
  • दोपहर एक बजे से कन्या पूजन
  • डीएसए मैदान में महाभंडारा दोपहर 1:15 बजे से
  • पंच आरती व प्रसाद वितरण सायं 6.30 बजे से
  • देवी पूजन रात्रि नौ बजे से
  • देवी भोग-रात्रि 12 बजे

इस लिंक से देख सकते सीधा प्रसारण

https://www.youtube.com/live/oOTh0rcDsbs?si=sqGVz8mmYr4HpYNf