Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Nainital में पर्यटन सीजन के वीकेंड पर पर्यटकों का रैला, अगले 10 दिन तक पैक रहेगा शहर

Tourist in Nainital शुक्रवार शाम से ही पर्यटकों का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था जो शनिवार शाम तक जारी रहा। पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से पार्किंग स्थल फुल हुए तो सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि अगले दस दिनों तक शहर में अच्छा कारोबार बना रहेगा। पुलिस ने सुबह से ही विशेष यातायात प्लान लागू कर दिया।

By naresh kumar Edited By: Nirmala Bohra Updated: Sun, 23 Jun 2024 12:55 PM (IST)
Hero Image
Tourist in Nainital: पार्किंग स्थल फुल हुए तो सड़कों पर जाम की स्थिति बन ग

जागरण संवाददाता, नैनीताल। Tourist in Nainital: शहर में वीकेंड पर पर्यटकों का रैला उमड़ पड़ा। सुबह ही पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से पार्किंग स्थल फुल हुए तो सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई।

पुलिस ने भी विशेष यातायात प्लान लागू कर पर्यटक वाहनों को एंट्री प्वाइंट पर रोक शटल से शहर तक भेजा। शाम तक सड़कों पर पर्यटक वाहन रेंगते रहे। हालांकि विभिन्न पर्यटन स्थलों पर खासी चहल पहल नजर आई।

शुक्रवार शाम से ही पर्यटकों का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो शनिवार शाम तक जारी रहा। शहर पहुंचे पर्यटकों ने चिड़ियाघर, केव गार्डन, बॉटनिकल गार्डन, वाटरफॉल, स्नोव्यू, वाटरफॉल समेत अन्य पर्यटन स्थलों में जमकर सैर सपाटा किया।

नौकायन करने वाले पर्यटकों की भीड़

नैनी झील में भी नौकायन करने वाले पर्यटकों की भीड़ उमड़ी रही। बड़ा बाजार, पंत पार्क, तिब्बती बाजार, मालरोड समेत अन्य बाजारों में पर्यटकों ने जमकर खरीदारी की। देर शाम मालरोड चहलकदमी करने वाले पर्यटकों से पटी रही।

पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि अगले दस दिनों तक शहर में अच्छा कारोबार बना रहेगा। दिनभर में करीब तीन हजार वाहनों से 20 हजार से अधिक पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है। तल्लीताल में एसओ रमेश बोहरा के नेतृत्व में यातायात पुलिस सहित अन्य पुलिस कर्मी जबकि रूसी बाइपास में एसआइ संदीप नेगी सहित अन्य पुलिस कर्मी यातायात को व्यवस्थित करने में जुटे रहे।

बसों में सीट पाने को मारामारी

वीकेंड पर पर्यटक वाहनाें की आमद बढ़ने से जाम की स्थित बनी तो पुलिस ने सुबह से ही विशेष यातायात प्लान लागू कर दिया। जिसमें पार्किंग वाले होटलों में एडवांस बुकिंग कराकर आ रहे पर्यटक वाहनों को ही शहर में प्रवेश दिया गया।

अन्य पर्यटक वाहनों को रूसी व नारायण नगर पार्किंग में पार्क कर शटल सेवा से शहर तक भेजा गया। दोनों ही मार्गों से दस-दस शटल वाहन संचालित किये गए। वापसी करने वाले पर्यटकों की रोडवेज स्टेशन पर भीड़ उमड़ी रही। बस में सीट पाने को यात्री मारामारी करते दिखे।

सुबह से शाम तक जाम से जूझे सैलानी

भीमताल में शनिवार को सुबह से शाम तक जाम लगा रहा। सैलानी घंटों जाम में फंसे रहे। भीमताल से डांठ तक सड़क पर एक किमी लंबा जाम लगा रहा। सैलानियों की ओर से वाहनों को सड़क किनारे लगा देने से व्यवस्था बिगड़ी। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिसकर्मियों की ओर से जाम खोलने के लिए कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। इससे वीकेंड पर रोजाना जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें