Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पुलिस को 100 दिन तक दौड़ाती रही महिला तस्कर, लोगों ने पकड़कर पीटा; कार में भी की तोड़फोड़

Nainital News हल्द्वानी में एक महिला तस्कर ने पुलिस को 100 दिनों तक छकाया। आखिरकार नवाबी रोड क्षेत्र के लोगों ने उसे जज फार्म के पास पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। साथ ही उसकी कार में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और महिला को अपने साथ ले गई। महिला को नारी निकेतन भेज दिया गया है।

By Deep belwal Edited By: Abhishek Pandey Updated: Mon, 07 Oct 2024 10:47 AM (IST)
Hero Image
मुखानी रोड पर जज फार्म के पास लोगों ने कार सवार महिला तस्कर को घेरते लोग । वीडियो ग्रैब

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी।  जिस महिला तस्कर ने पुलिस को 100 दिनों तक दौड़ाया, उसे नवाबी रोड क्षेत्र के लोगों ने शनिवार रात जज फार्म के पास कार में पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने महिला की पिटाई कर दी। साथ ही कार में तोड़फोड़ भी की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और महिला को अपने संग ले गई। महिला को नारी निकेतन भेज दिया गया है। 

28 जून को कुल्यालपुरा गली नंबर तीन निवासी पूनम देवी के किराना की दुकान में एक अंजान महिला थैला छोड़कर चली गई थी। थैले में 900 ग्राम चरस बरामद हुई थी। पूनम की सूचना पर तत्कालीन प्रभारी सीओ संगीता ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। 23 अगस्त को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो लोगों पर प्राथमिकी की थी।

पिछले तीन महीने से पुलिस दुकान में चरस रखने वाली महिला को तलाश रही थी, लेकिन उसका पता नहीं लगा सकी। इधर, पीड़ित पक्ष ने खुद ही महिला की जानकारी देने वाले को पांच हजार रुपये का इनाम देने की बात कहकर प्रयास शुरू किए।

शनिवार को फेसबुक के जरिये अंजान व्यक्ति ने महिला के बारे में पीड़ित पक्ष को बताया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने महिला को जज फार्म के पास दबोचकर हंगामा कर दिया। महिला से महिलाओं ने मारपीट की। साथ ही उसकी कार में तोड़फोड़ कर दी।

हंगामा बढ़ने पर कोतवाल राजेश कुमार यादव व हीरानगर चौकी इंचार्ज विजयपाल मौके पर पहुंचे। महिला ने दो युवकों का नाम लेकर उनके कहने पर थैला दुकान पर रखने की बात कही है।

सीओ सिटी नितिन लोहनी ने बताया कि महिला को पूछताछ के बाद नारी निकेतन भेज दिया है। मामले की जांच होने तक वह नारी निकेतन में रहेगी।

चरस मिली तो तस्कर नहीं, अब तस्कर मिली तो चरस का पता नहीं

पहले पुलिस चरस को बरामद कर तस्कर को पकड़ने के लिए हवा में लकीरें पीटती रही। अब तस्कर पकड़ी गई तो चरस गायब हो गई है। दुकान से पकड़ी गई 900 ग्राम चरस गायब होने की बात से विभाग में अफरातफरी मच गई है। तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। दिलचस्प यह होगा कि पुलिस इस मामले का पटाक्षेप कब करती है।

इसे भी पढ़ें: शैतान भगाने के नाम पर आधी रात में खुद ‘शैतान’ बन जाता मौलवी, करतूत सामने आने के बाद हर कोई रह गया दंग

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें