Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Uttarakhand: एकदिवसीय दौरे पर पौड़ी पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में फिर आया राम युग

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर पौड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने रांसी स्टेडियम में बलिदानी राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की प्रतिमा का अनावरण किया। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में फिर से राम युग आ गया है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश में खुशी और उत्सव का माहौल है। उन्होंने सीएए पर भी अपनी बात रखी।

By Guruvendra singh Edited By: Jeet KumarUpdated: Sun, 04 Feb 2024 05:00 AM (IST)
Hero Image
एकदिवसीय दौरे पर पौड़ी पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी

जागरण संवाददाता, पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में फिर से राम युग आ गया है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश में खुशी और उत्सव का माहौल है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट समिति से मिल गया है। जल्द ही विधेयक लाकर एक्ट बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना की

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर पौड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने रांसी स्टेडियम में बलिदानी राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की प्रतिमा का अनावरण किया। बाद में यहां से कंडोलिया तक रोड शो निकाला। इस दौरान स्थानीय लोगों ने फूलों की बरसात से उनका भव्य स्वागत किया।

कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वे कंडोलिया मैदान पहुंचे। यहां सीएम ने जिला प्रशासन की ओर से आयोजित 'दिशा ध्याणी थौला मेला' का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

इस मौके पर उन्होंने कन्या पूजन भी किया। सीएम धामी ने यहां विभिन्न विभागों के स्टाल का निरीक्षण किया। इसके बाद आठ सौ करोड़ से अधिक की धनराशि के 196 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 157 योजनाओं का शिलान्यास किया।

इस मौके पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी रहे मौजूद

सीएम ने कहा कि यहां की भूमि से वीर चंद्र सिंह गढ़वाली, स्व. जसवन्त सिंह, प्रथम सीडीएस रहे विपिन रावत जैसे कई महान व्यक्तित्व पैदा हुए। कोविड काल में काफी प्रवासी गांव लौटे। उन्हें राज्य सरकार की ओर से स्वरोजगार दिए जाने की दिशा में कार्य किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने देश के प्रथम सीडीएस रहे जनरल विपिन सिंह रावत की प्रतिमा का भी अनावरण किया। इस मौके पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत, लैंसडौन के विधायक महंत दलीप सिंह रावत, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, यमकेश्वर की विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान आदि मौजूद रहे।

हुआ लोकार्पण, उम्मीदों को लगे पंख

मुख्यमंत्री ने बहुआयामी रांसी स्टेडियम के विस्तारीकरण के तहत हुए कार्यों के अलावा खेल विभाग के इंडोर स्टेडियम में बने सिंथेटिक लान टेनिस का भी लोकार्पण किया। लंबे समय से इसके शुरू होने का इंतजार किया जा रहा था। वहीं रांसी स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर राइफलमैन बलिदानी जसवंत सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद अब स्टेडियम बलिदानी के नाम से पहचाना जाएगा। इसके अलावा लंबे इंतजार के बाद आयुष विभाग के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण होने से विभाग के नए भवन में शिफ्ट होने का रास्ता साफ हो गया।

हर हाथ से फूलों की हुई बरसात

शनिवार को सीएम ने रांसी स्टेडियम से कंडोलिया तक रोड शो निकाला। इस दौरान सड़क के दोनों ओर से स्थानीय लोगों ने उन पर फूलों की बारिश की। इस दौरान जैसे ही मुख्यमंत्री रोड शो पर निकले तो 'जय श्रीराम' के नारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। भीड़ इतनी थी कि जगह-जगह सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। इस दौरान वाहनों की आवाजाही रोकते हुए उन्हें निर्धारित स्थलों तक ही आने की इजाजत दी गई थी।

प्रथम सीडीएस रहे जनरल रावत की प्रतिमा का अनावरण

गढ़वाल मंडल मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के प्रथम सीडीएस रहे जनरल विपिन रावत की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ में लहराता सौ फीट ऊंचा तिरंगा भी उनकी शौर्य गाथा का संदेश देता नजर आया। पौड़ी जनपद के द्वारीखाल विकासखंड के सैंण गांव निवासी जनरल विपिन रावत को जनवरी 2020 में देश का प्रथम सीडीएस बनाया गया था। दिसंबर 2021 में हेलीकाप्टर दुर्घटना में उनका निधन हो गया।

बीते वर्ष जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने पहल करते हुए सीडीएस रहे जनरल विपिन रावत की प्रतिमा स्थापित करने की योजना बनाई। इसके लिए कंडोलिया-नागदेव मार्ग पर जगह का चयन किया गया। पार्क में जनरल विपिन रावत की प्रतिमा के साथ ही सौ फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज भी लहराया गया। मुख्यमंत्री धामी ने जैसे ही प्रथम सीडीएस रहे जनरल विपिन रावत की प्रतिमा का अनावरण किया तो हजारों की भीड़ ने इसका स्वागत किया।

शपथ दिलाकर दिया बेटी बचाओ का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंडोलिया स्थित कार्यक्रम में सभी को बेटी बचाओ बेटी पढाओ की शपथ दिलाते हुए सभी को इस मुहिम में एक मंच पर आने का संदेश भी दिया। उन्होने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं बेहतर कार्य कर रही हैं। विकास में महिलाओं की अहम भूमिका निभाई।