Indo-Nepal Border : नेपाल की तरफ से फिर हुआ पथराव, डंपर चालकों ने पानी में कूद कर बचाई जान, दो दिन से काम ठप
Indo-Nepal Border दोनों देशों के अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण और वार्ता के चौबीस घंटे भीतर नेपाल की तरफ से ग्यारहवीं बार पथराव किया गया। नदी में खड़ी डंपरों के आपरेटरों ने पानी में कूद मारते भाग कर जान बचाई।
By Jagran NewsEdited By: Nirmala BohraUpdated: Sat, 24 Dec 2022 09:32 AM (IST)
संवाद सूत्र , धारचूला : Indo-Nepal Border : भारत नेपाल के मध्य बहने वाली काली नदी पर भारत की तरफ तटबंध निर्माण कार्य के लिए दोनों देशों के अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण और वार्ता के चौबीस घंटे भीतर नेपाल की तरफ से ग्यारहवीं बार पथराव किया गया। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी यहां काम रुका रहा।
नेपाल की तरफ से चार लोग पथराव करते रहे । यहां तक कि गुलेल से भी पथराव कर भारत में कार्य कर रही डंपर मशीनों और मिट्टी गिरा रहे टिप्परों पर पत्थर मारे गए। जिससे डंपर और टिप्पर से शीशे टूट गए। नदी में खड़ी डंपरों के आपरेटरों ने पानी में कूद मारते भाग कर जान बचाई। टिप्पर चालक के सामने का शीशा तोड़ते हुए पत्थर उसकी बांह पर लगा और चालक घायल हो गया।
नेपाल प्रहरी के जवान मूकदर्शक बने रहे
नेपाल से हो रहे पथराव के दौरान नेपाल में तैनात नेपाल प्रहरी के जवान मूकदर्शक बने रहे। पथराव करने वालों को रोकने का प्रयास भी नहीं किया गया। वहीं पथराव से भारत में कार्यस्थल पर भगदड़ मच गई।भारत में कार्य कर रहे मजदूर व कर्मी नेपाल प्रहरी को पथराव के बारे में इशारे करते रहे परंतु नेपाल में किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं हुई। सूचना मिलते ही धारचूला के उपजिलाधिकारी दिवेश शाशनी ने नेपाल के प्रशासन से वार्ता कर सूचना दी और कार्य को बंद करने के निर्देश दिए। इस घटना को लेकर धारचूला में आक्रोश व्याप्त है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नेपाल की तरफ से चार लोग पथराव कर रहे थे।
नेपाल में भारत के घटधार के पास भारी मलबा जमा है। यही मलबा सारे विवादों का कारण बना हुआ है। भारत में घटधार के पास ही आसन्न संकट बना हुआ है। घटधार से ही तटबंध बनने हैं। इस संबंध में नेपाल के लोगों का कहना है कि भारत में तटबंध बनते ही काली नदी का बहाव नेपाल की तरफ हो जाएगा।
भारत का कहना है कि नेपाल अपनी तरफ से मलबा हटाए । मलबा नहीं हटने के कारण घटधार में तटबंध निर्माण नहीं हो रहा है। जैसे ही भारत की तरफ घटधार में कार्य होने लगता है तो नेपाल की तरफ से पथराव हो जाता है। शुक्रवार को भी 11वीं बार पथराव किया गया। इस पथराव से टिप्पर चालक पिथौरागढ़ निवासी गोपाल पांडेय घायल हो गया।
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।