चीनी कंपनी को दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल प्रोजेक्ट का हिस्सा बनाए जाने पर आक्रोश
भारत में चीनी कंपनी को दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल प्रोजेक्ट के हिस्सा बनाए जाने का युकां ने विरोध किया है।
संस, पिथौरागढ़: भारत में चीनी कंपनी को दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल प्रोजेक्ट के एक हिस्से के निर्माण कार्य का ठेका देने पर यूथ कांग्रेस ने कड़ा आक्रोश प्रकट किया है। यूकां जिला प्रवक्ता अभिषेक बोहरा ने प्रेस को दिए गए अपने बयान में कहा कि केंद्र सरकार एक ओर चीन से सभी संबंध तोड़ने की बात कर रही है, वहीं भारत में चीन कंपनी को काम देकर भारतीय नागरिकों का अपमान कर रही है। बोहरा ने कहा कि भारत के जवान सीमा पर चीनी सैनिकों को मुहंतोड़ जवाब दे रहे हैं और सरकार उसी चीन को रेल प्रोजेक्ट का ठेका देकर जवानों का मनोबल गिराने का काम कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चाइनीज एप बैन तो बहाना था, चीनी कंपनी को ठेका जो दिलाना था। बोहरा ने कहा कि यदि चीनी कंपनियों से भारत में किसी भी तरह का निर्माण कार्य कराया गया तो यूथ कांग्रेस सड़कों पर उतरने को बाध्य होगी। ======= कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएंगे कार्यकर्ता
चम्पावत : शांत बाजार स्थित पार्टी कार्यालय में कांग्रेस ब्लाक कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बुधवार को पार्टी जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह देऊ की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश भर में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है जिससे आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। नौजवान रोजगार के लिए तरस रहा है। लेकिन केंद्र और राज्य में काबिज भाजपा सरकार को इन सबसे कोई मतलब नहीं है। कार्यकर्ताओं ने इन मुद्दों को लेकर शीघ्र ही गाव-गाव में जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया। बैठक में आगामी विधान सभा चुनाव को लेकर भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी, सभासद रोहित बिष्ट, पूरन कठायत, विकास साह, मयूख चौधरी समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।