Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Uttarakhand: धारचूला में दो नाबा‍लिग लड़कियों को भगाने के बाद उपजा विवाद, बाहर से आए 91 व्यापारियों की दुकानें बंद; लटके ताले

Uttarakhand News 91 व्यापारियों को अपनी दुकानों से हाथ धोना पड़ा है। ऐसा इसलिए हुआ क्‍योंकि फरवरी माह में बरेली निवासी एक बारबर द्वारा क्षेत्र की दो नाबालिग किशोरियों को बहला फुसलाकर भगा कर ले जाने का मामला सामने आया था। इस क्रम में व्यापार मंडल और आंदोलनकारियों की एक कोर कमेटी का गठन किया गया। जिसमें यह फैसला लिया गया।

By omprakash awasthi Edited By: Nirmala Bohra Updated: Sun, 17 Mar 2024 08:10 AM (IST)
Hero Image
Uttarakhand News: धारचूला में बाहर से आए 91 व्यापारियों की दुकानें हुई बंद

संसू, धारचूला । Uttarakhand News:  फरवरी माह में बरेली निवासी एक बारबर द्वारा क्षेत्र की दो नाबालिग किशोरियों को बहला फुसलाकर भगा कर ले जाने के बाद उपजे विवाद के चलते बाहर से आए 91 व्यापारियों को अपनी दुकानों से हाथ धोना पड़ा है।

व्यापार मंडल द्वारा इन व्यापारियों का पंजीकरण निरस्त किए जाने के बाद शनिवार से दुकानें बंद हो गई हैं। बाहरी व्यापारियों ने एसडीएम से राहत की गुहार लगाई है। धारचूला के इस प्रकरण के बाद यहां पर आक्रोश फैल गया था। जनता ने जुलूस प्रदर्शन और बाजार बंद किए थे। इस दौरान बाहर से आए लोगों के विरुद्ध आक्रोश भड़का।

2000 के बाद बाहर से आए 175 व्यापारी चिह्नित

स्थानीय लोगों द्वारा बाहर से आए व्यापारियों को भी यहां से बाहर करने की मांग उठी। इस क्रम में व्यापार मंडल और आंदोलनकारियों की एक कोर कमेटी का गठन किया गया। कोर कमेटी द्वारा निर्णय लिया गया कि वर्ष 2000 के बाद धारचूला आए बाहरी व्यापारियों का पंजीकरण रद किया जाए। इस क्रम में वर्ष 2000 के बाद बाहर से आए 175 व्यापारी चिह्नित किए गए।

व्यापारियों से धारचूला में व्यापार के लिए साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। जिसमें 91 बाहरी व्यापारी अपना कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। शुक्रवार को व्यापार मंडल और कोर कमेटी की बैठक हुई। जिसमें 91 बाहरी व्यापारियों को शनिवार से दुकान नहीं खोलने को कहा गया और उनका पंजीकरण निरस्त कर दिया गया।

इस क्रम में शनिवार को धारचूला में बाहरी 91 व्यापारियों की दुकानें बंद हो चुकी हैं। सभी दुकानों पर ताले लटके हैं। बंद दुकानों का व्यापार मंडल पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों द्वारा नगर में घूम कर चिह्नित किया गया।

स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

व्यापार मंडल महासचिव महेश गर्ब्याल ने कहा कि व्यापार संघ द्वारा सर्वसम्मति से क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए इन व्यापारियों का पंजीकरण निरस्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।

इस संबंध में बाहरी व्यापारियों ने एसडीएम मंजीत सिंह से भेंट कर उन्हें राहत दिलाने की मांग की। एसडीएम ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों से वार्ता कर बाहरी व्यापारियों द्वारा बताई गई परेशानियों से अवगत कराया। एसडीएम ने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।