Move to Jagran APP

नहीं थम रही गुलदार के हमले की घटनाएं, आंगन में खेल रही बच्ची को उठा ले गया खूंखार जानवर; ग्रामीणों में गुस्सा

ग्रामीणों ने इस घटना के लिए वन विभाग को जिम्मेदार ठहराया। ग्रामीण विक्रम घणाता ने कहा कि गांव के आसपास कई दिनों से गुलदार नजर आ रहा है। इसकी शिकायत वन विभाग से की गई थी लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। रात साढ़े आठ बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने कहा कि शिकारी दल को बुलाकर उसे यहीं मार दिया जाए।

By Jagran News Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Tue, 23 Jul 2024 12:03 PM (IST)
Hero Image
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। जागरण

संवाद सूत्र, घनसाली। टिहरी जिले में गुलदार के हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पांच दिन पहले गुलदार ने देवप्रयाग में किशोर को निवाला बनाया था, अब भिलंगना ब्लाक के भौड़ गांव में घर के आंगन में खेल रही नौ साल की बच्ची को गुलदार दिनदहाड़े उठा ले गया। उसका शव घर से कुछ दूर जंगल में पड़ा मिला।

इस घटना से लोगों में आक्रोश है। वह कई दिन से क्षेत्र में गुलदार के दिखाई देने की शिकायत वन विभाग से कर रहे थे लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। उल्टा ग्रामीणों से कह दिया गया कि वे गुलदार को न छेड़ें, वह खुद ही जंगल में चला जाएगा। वन विभाग की टीम के ढाई घंटे बाद गांव पहुंचने पर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।

प्रदेश में तीन साल में 72 लोगों को गुलदार और बाघ अपना निवाला बना चुके हैं। इस साल अब तक 10 लोग गुलदार और बाघ के हमले का शिकार बन चुके हैं। सऊदी अरब में नौकरी कर रहे भौड़ गांव के रुकम सिंह की नौ साल की बेटी पूनम सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे अपने घर के आंगन में अपनी बहनों प्रिया, गौरी और भाई प्रिंस के साथ खेल रही थी। उसकी मां ऊषा देवी खेत में काम करने गई थी।

शाम को करीब पांच बजे जब ऊषा देवी घर आई तो पूनम के न दिखने पर पूछताछ की गई। बड़ी बेटी प्रिया ने बताया कि वह काफी देर से नहीं दिखाई दे रही है। इसके बाद ऊषा देवी और ग्रामीणों ने पूनम की खोजबीन की तो करीब छह बजे गांव से चालीस मीटर दूर झाड़ियों में उसका अधखाया शव पड़ा मिला। इसके बाद गांव में कोहराम मच गया।

रात में विधायक शक्तिलाल शाह भी गांव में पहुंचे और स्वजन को सांत्वना दी। इससे पहले 17 जुलाई को देवप्रयाग में गुलदार ने 17 वर्षीय किशोर को निवाला बना दिया था। दूसरे दिन वन विभाग ने पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ लिया था। कीर्तिनगर में भी उसी दिन एक ग्रामीण पर गुलदार ने हमला किया था। घायल होने के कारण गुलदार को पकड़ लिया गया था।

गांव में टीम भेज दी गई है। पिंजरा लगाया जा रहा है। गांव में सुरक्षा के लिए टीम तैनात की गई है। पुनीत तोमर, डीएफओ

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।