Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पहले धारदार हथियार से किया पत्‍नी का कत्‍ल, फ‍िर शव के पास बैठकर एकटक देखता रहा हत्‍यारा पति; पढ़ें शक में बर्बाद हुए परिवार की कहानी

Husband Killed Wife अवैध संबंधों के शक में पति ने अपनी बहन के घर में पत्नी की धारदार हथियार से बेरहमी के साथ हत्या कर दी। अशोक पिछले कुछ दिनों से अपनी पत्नी पूनम पर शक करने लगा था। जिससे दोनों के बीच में विवाद गहराता चला गया। जिस पर पूनम अपने दोनों बच्चाें को साथ लेकर मायके चली गई थी।

By sandeep juneja Edited By: Nirmala Bohra Updated: Sun, 23 Jun 2024 09:38 AM (IST)
Hero Image
Husband Killed Wife: फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच एकत्र किए साक्ष्य

जागरण संवाददाता, किच्छा । Husband Killed Wife: अवैध संबंधों के शक में पति ने अपनी बहन के घर में पत्नी की धारदार हथियार से बेरहमी के साथ हत्या कर दी। उसकी बहन जब घर लौटी तो फर्श पर खून से लथपथ शव देख कर उसके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया।

आजादनगर वार्ड नंबर दो किच्छा निवासी अशोक कुमार पुत्र कन्हैया लाल का विवाह लगभग आठ वर्ष पूर्व पूनम आयु 30 वर्ष पुत्री सुखपाल निवासी महतोष मोड़ गदरपुर के साथ हुआ था। दोनों किराये के मकान में रह कर अपना दांपत्य जीवन व्यतीत कर रहे थे। अशोक कुमार ढाबे पर काम करता था। अशोक पिछले कुछ दिनों से अपनी पत्नी पूनम पर शक करने लगा था। जिससे दोनों के बीच में विवाद गहराता चला गया। जिस पर पूनम अपने दोनों बच्चाें को साथ लेकर मायके चली गई थी।

भाई का दांपत्य जीवन सुधारने के लिए बहन ने अपने घर बुलाया

तीन-चार दिन पूर्व अशोक पूनम को मायके से मना कर अपने घर पर ले आया। अशोक की बहन धनवती मंड फार्म बंडिया में किराये के मकान पर पति व चार बच्चों के साथ रहती है। धनवती ने अपने भाई का दांपत्य जीवन सुधारने के लिए दोनों को अपने घर पर बुला लिया। शनिवार को वह अपने पति तेजपाल के साथ ही मंड फार्म में काम करने चली गई थी और बच्चे भी बाहर खेलने चले गए थे।

इसी दौरान दोपहर में मौका पाकर अशोक ने धारदार हथियार से पूनम की बेरहमी के साथ हत्या कर दी। उसके बाद वह उसके शव के पास ही बैठ गया। उसने जरा भी भागने का प्रयास नहीं किया। शनिवार शाम जब धनवती काम कर वापस लौटी तो घर के अंदर घुसते ही उसके होश उड़ गए। कमरे में पूनम का शव पड़ा हुआ था और चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। धनवती ने भाग कर मंड फार्म जाकर घटना की जानकारी दी जिस पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर ही पति को हिरासत में ले लिया।

फाेरेंसिक टीम ने एकत्र किए साक्ष्य

किच्छा : हत्या की सूचना पर फाेरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। फाेरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर गहनता के साथ निरीक्षण करते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। फाेरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्य आरोपित पति को सजा दिलाने मेें अहम भूमिका निभा सकती है। जिसके चलते फाेरेंसिक टीम की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

अवैध संबंधों के चलते पत्नी की हत्या की बात सामने आई है। आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

- बीएस चौहान, सीओ किच्छा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें