Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Chardham Yatra 2023: यमुनोत्री यात्रा पर आए यूपी के यात्री की हृदय गति रुकने से मौत, अब तक कुल 57 की गई जान

Chardham Yatra 2023 यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए उत्तर प्रदेश के एक तीर्थयात्री की हृदय गति रुकने से मौत हुई है। इसके साथ ही चारधाम में हृदयाघात से मरने वालों की संख्या बढ़कर 57 हो गई।

By Jagran NewsEdited By: Nirmala BohraUpdated: Mon, 22 May 2023 09:16 AM (IST)
Hero Image
Chardham Yatra 2023: यमुनोत्री की यात्रा पर आए उत्तर प्रदेश के तीर्थयात्री की हृदय गति रुकने से मौत हुई है।

टीम जागरण, उत्तरकाशी: Chardham Yatra 2023: यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए उत्तर प्रदेश के तीर्थयात्री की हृदय गति रुकने से मौत हुई है। अब तक यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए 17, गंगोत्री धाम की यात्रा पर आए आठ तीर्थयात्रियों की हृदयगति रुकने से मौत हो चुकी है। इसके अलावा यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर दो तीर्थ यात्रियों की चोटिल होने से भी मौत हुई है।

सोमवार की सुबह करीब 7:30 बजे जानकी चट्टी के पास श्यामल झा (70) निवासी साईं इनक्लेव तीसरा हाउस नंबर-69 चिपियाना गौतमबुध नगर उत्तरप्रदेश अपने स्वजन के साथ यमुनोत्री धाम जाने की तैयारी कर रहे थे। अचानक तबीयत खराब हुई और वह बेहोश हो गए। स्वजन ने किसी तरह से वृद्ध तीर्थयात्री को जानकी चट्टी चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यमुनोत्री में दो और हेमकुंड व बदरीनाथ में एक-एक यात्री की मौत

वहीं रविवार को यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए उत्तर प्रदेश और राजस्थान निवासी दो तीर्थ यात्रियों की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। वहीं हेमकुंड साहिब व बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आए दो तीर्थ यात्रियों ने हृदयाघात के चलते दम तोड़ दिया। इसके साथ ही चारधाम में हृदयाघात से मरने वालों की संख्या बढ़कर 57 हो गई।

रविवार सुबह करीब सात बजे जानकीचट्टी स्थित खरसाली पुल के पास शेषनाथ (77) निवासी हिनौता बनकटी बस्ती उत्तर प्रदेश और सत्यनारायण (58) निवासी बंदनाऊ चुरु सरदारशहर राजस्थान स्वजन के साथ यमुनोत्री धाम जाने की तैयारी कर रहे थे।

करीब 15 मिनट के अंतराल में दोनों की तबीयत खराब हुई। पुल के पास ही दोनों बेहोश हुए। स्वजन ने बेहोशी की हालत में उन्हें जानकीचट्टी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शेषनाथ और सत्यानारायण को मृत घोषित कर दिया।

उधर, हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए जा रहे पंजाब के कपूरथला निवासी मनजीत सिंह (48) को यात्रा मार्ग पर अचानक हृदयाघात पड़ गया। उन्हें घांघरिया स्थित चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे पंजाब पुलिस में तैनात थे।

वहीं, श्री बदरीनाथ धाम में दर्शन को जा रहे महाराष्ट्र के तीर्थ यात्री अमल (39 वर्ष) के हनुमान चट्टी से आगे बदरीनाथ धाम की ओर जाते समय अचानक सीने में दर्द उठा। उनको स्वजन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बदरीनाथ में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हृदय गति रुकने से मौत की स्थिति

  • धाम,संख्या
  • केदारनाथ,27
  • बदरीनाथ,03
  • गंगोत्री,08
  • यमुनोत्री,17
  • हेमकुंड साहिब,01
  • ऋषिकेश,01