Move to Jagran APP

Mumbai Rains: मुंबई में भारी बारिश से हाहाकार, रेलवे और उड़ानों पर असर

By JagranTue, 9 Jul, 2024, 02:48 pm IST

Mumbai Rains: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सोमवार को महज छह घंटे की जोरदार बारिश में पानी-पानी हो गई। मध्य रात्रि एक बजे से लेकर सुबह सात बजे तक ही 300 एमएम पानी बरसा। यह मुंबई की वार्षिक वर्षा का 10 प्रतिशत है। 24 घंटों के दौरान हुई रिकॉर्ड बारिश से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगह रेल ट्रैक और सड़कें जलमग्न हो गईं। जोरदार बारिश से न केवल सड़क और रेल यातायात बाधित हुआ बल्कि विमान सेवाएं भी प्रभावित हुईं। मुंबई एयरपोर्ट पर 50 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं जबकि कई के रूट डायवर्ट किए गए। भारी बारिश के चलते मुंबई समेत आसपास के जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मुंबई में रविवार शाम से ही लगभग सभी क्षेत्रों में तेज बारिश हो रही है। इससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। रेल पटरियों पर पानी जमा होने के कारण मध्य रेलवे मार्ग पर लोकल ट्रेनों की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं, जबकि बाहरी स्टेशनों की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं।