Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bengaluru: बच्चों ने ओणम में बनाई खास फूलों की रंगोली, महिला ने पैरों से रौंदा; वीडियो वायरल

Bengaluru बेंगलुरू में ओणम के मौके पर बच्चों की ओर से बनाई गई खास फूलों की रंगोली पूकलम को एक महिला ने पैरों से रौंद दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है जिसके बाद लोग महिला की आलोचना कर रहे हैं। हालांकि कुछ लोगों ने महिला का बचाव भी किया है। आप भी जानें क्या है पूरा मामला और देखें वायरल वीडियो।

By Jagran News Edited By: Sachin Pandey Updated: Mon, 23 Sep 2024 08:37 PM (IST)
Hero Image
रंगोली को कॉमन एरिया में बनाए जाने को लेकर विवाद हुआ था। (Photo- Internet Media/X)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बेंगलुरु की एक बिल्डिंग में बच्चों की ओर से बनाई गई फूलों की रंगोली को महिला द्वारा पैरों से रौंदने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि ओणम के उपलक्ष्य में यह खास फूलों की रंगोली बनाई गई थी, जिसे पूकलम कहा जाता है। इसका त्योहार में सांस्कृतिक महत्व है। घटना का एक वीडियो भी वीडियो वायरल हो रहा है, जिस पर लोग इस कृत्य के लिए महिला की आलोचना कर रहे हैं।

वीडियो बेंगलुरु के मोनार्क सेरेनिटी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बिल्डिंग के कॉमन एरिया में पूकलम बनाए जाने को लेकर विवाद हुआ था। वहां की रहने वाली एक महिला ने इस पर आपत्ति जताई थी। कर्नाटक पोर्टफोलियो नाम के एक्स हैंडल ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'यह वाकई बेशर्मी भरा व्यवहार था! बेंगलुरु के मोनार्क सेरेनिटी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स की निवासी सिमी नायर ने जानबूझकर ओणम मनाने के लिए कॉमन एरिया में बच्चों द्वारा बनाए गए पूकलम को नष्ट कर दिया।'

सोशल मीडिया यूजर्स ने की महिला की आलोचना

पोस्ट में लिखा गया कि यह कृत्य न केवल बच्चों की परंपराओं और प्रयासों के प्रति सम्मान की कमी को दर्शाता है, बल्कि समुदाय की भावना को भी कमज़ोर करता है, जिसे ओणम जैसे आयोजनों से बढ़ावा मिलता है। पोस्ट में बताया गया कि पूकलम, एक सुंदर पुष्प व्यवस्था है, जिसका सांस्कृतिक महत्व है और यह खुशी और उत्सव का प्रतीक है।

पोस्ट में महिला की हरकत की आलोचना करते हुए कहा गया कि इस तरह की हरकतें देखना निराशाजनक है, खासकर जब वे किसी ऐसे व्यक्ति से आती हैं, जिसे पड़ोस में सद्भाव और समावेशिता को बढ़ावा देना चाहिए। यह घटना हमारे जीवन को समृद्ध करने वाली विविध संस्कृतियों और परंपराओं का सम्मान करने के महत्व की याद दिलाती है।

कई लोगों ने किया बचाव

कई सोशल मीडिया यूजर कमेंट्स में महिला की आलोचना कर रहे हैं और हरकत को शर्मनाक बता रहे हैं। हालांकि, कुछ लोगों ने उसका बचाव भी किया और कहा कि हमें दोनों तरफ के पक्ष जान लेना चाहिए।