Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Assembly By-Poll Result: बंगाल में ममता मैजिक बरकरार, टीएमसी ने चारों सीटों पर दर्ज की जीत; बीजेपी की करारी हार

पश्चिम बंगाल में हुए चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने फिर अपना दम दिखाया है। तृणमूल प्रत्याशी कृष्णा कल्याणी ने रायगंज विधानसभा सीट जीत ली है। उन्होंने भाजपा के मानस कुमार घोष को 50077 वोटों से हरा दिया। वहीं बागदा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस की मधुपूर्णा ठाकुर ने जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा के बिनय कुमार विस्वास को 74251 वोटों से शिकस्त दी।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Updated: Sat, 13 Jul 2024 06:10 PM (IST)
Hero Image
तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भी परचम लहराया है।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। लोकसभा (लोस) चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल की चार विधानसभा (विस) सीटों पर हुए उपचुनाव में भी परचम लहराया है। ममता बनर्जी की पार्टी ने बागदा, राणाघाट दक्षिण, मानिकतला व रायगंज, चारों सीटों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। 2021 के विस चुनाव में इनमें से तीन सीटें (राणाघाट दक्षिण, बागदा व रायगंज) भाजपा व एक (मानिकतला) तृणमूल ने जीती थी।

मालूम हो कि बंगाल में उपचुनावों में भाजपा के खराब प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। 2021 के विस चुनाव के बाद भाजपा बंगाल में किसी भी उपचुनाव में एक भी जीत नहीं जीत पाई है।

बागदा पर 13 साल बाद फिर तृणमूल का कब्जा

मतुआओं के गढ़ बागदा में तृणमूल की मधुपर्णा ठाकुर ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के बिनय कुमार बिश्वास को 33,455 वोटों से पराजित किया। 25 साल की मधुपर्णा विस की सबसे कम उम्र की सदस्या बनेंगी। तृणमूल ने 13 साल बाद फिर इस सीट पर कब्जा जमाया है। 2011 के विस चुनाव में भाजपा के बिश्वजीत बिश्वास ने यह सीट जीती थी। बाद में वे विस की सदस्यता से इस्तीफा देकर तृणमूल में शामिल हो गए थे।

मानिकतला में तृणमूल का दबदबा कायम

मानिकतला में तृणमूल की सुप्ति पांडे ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी कल्याण चौबे को 62,312 वोटों से हराया। यह सीट तृणमूल विधायक रहे दिवंगत साधन पांडे के आकस्मिक निधन से रिक्त हुई थी। सुप्ति साधन पांडे की पत्नी हैं। साधन पांडे 2011 से यहां के विधायक थे।

रायगंज व राणाघाट भी भाजपा के हाथ से फिसली

रायगंज में तृणमूल के कृष्ण कल्याणी ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के मानस कुमार घोष को 50,077 वोटों से हराया। कृष्ण कल्याणी ने 2021 के विस चुनाव में यहां भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। बाद में वे तृणमूल में शामिल हो गए थे। उन्होंने रायगंज लोस सीट से पिछला चुनाव भी लड़ा था, जिसमें उन्हें भाजपा के कार्तिक पाल से हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं, राणाघाट में तृणमूल प्रत्याशी मुकुट मणि अधिकारी ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के मनोज कुमार बिश्वास को 39,038 वोटों से हराया। 2021 के विस चुनाव में मुकुट ने यह सीट भाजपा के टिकट पर जीती थी। वे भी विधायक पद से इस्तीफा देकर तृणमूल में शामिल हो गए थे। उन्होंने राणाघाट लोस सीट से पिछला लोस चुनाव लड़ा था लेकिन भाजपा के जगन्नाथ सरकार से हार गए थे।