Move to Jagran APP

'लोकसभा चुनाव में 400 से ज्यादा सीटें जीतेगा NDA', रामदास आठवले ने I.N.D.I गठबंधन पर साधा निशाना

केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ( Ramdas Athawale ) ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में एनडीए 400 से ज्यादा सीटें जीतेगा। आठवले ने कहा कि ममता बनर्जी ने बहुत अच्छा निर्णय लिया है। ममता दीदी से मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं। मजाकिए लहजे में यहां तक कहा कि तृणमूल सुप्रीमो ममता भी एनडीए में शामिल हो सकती हैं क्योंकि वह पहले एनडीए में ही थीं।

By Jagran News Edited By: Nidhi Avinash Updated: Sun, 11 Feb 2024 09:26 PM (IST)
Hero Image
रामदास आठवले ने I.N.D.I गठबंधन पर साधा निशाना (Image: Jagran)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 400 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगा। विपक्षी I.N.D.I गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि हार के डर से उसके सभी सहयोगी साथ छोड़ते जा रहे हैं।

यह बातें बंगाल में अपनी पार्टी की एक रैली के लिए आए रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (आरपीआइ) के प्रमुख आठवले ने यहां संवाददाता सम्मेलन में रविवार को कहीं। उन्होंने बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भी जमकर तारीख की।

ममता बनर्जी ने बहुत अच्छा निर्णय लिया

आठवले ने कहा कि ममता बनर्जी ने बहुत अच्छा निर्णय लिया है। ममता दीदी से मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं। मजाकिए लहजे में यहां तक कहा कि तृणमूल सुप्रीमो ममता भी एनडीए में शामिल हो सकती हैं, क्योंकि वह पहले एनडीए में ही थीं। बिहार में नीतीश कुमार भी एनडीए में आ गए हैं। यूपी में रालोद नेता जयन्त चौधरी भी आ रहे हैं। ये आइएनडीआइए के लिए बड़ा धक्का है जबकि एनडीए बहुत मजबूत है।

कांग्रेस को सबक सिखाने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि उनकी पार्टी आरपीआइ (आठवले) बंगाल में अगले विधानसभा चुनाव में कुछ सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। हम राज्य में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए दलितों, मुसलमानों और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और सामान्य वर्ग के लोगों को साथ लेना चाहते हैं। बंगाल में हम 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कुछ सीटों पर उम्मीदवार दे सकते हैं।

महाराष्ट्र में दो और उत्तर प्रदेश में दो सीटें

भाजपा नीत एनडीए के घटक उनकी पार्टी ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए महाराष्ट्र में दो और उत्तर प्रदेश में दो सीटें मांगी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा आगामी आम चुनाव में बंगाल में 42 में से कम से कम 25 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बंगाल में 18 सीटें जीती थी। आठवले ने दोपहर में यहां आरपीआइ समर्थकों की एक रैली को संबोधित किया।

यह भी पढ़ें: ED पर हमले की जांच को एसआइटी के गठन पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने लगाई रोक, 6 मार्च को होगी अगली सुनवाई

यह भी पढ़ें: Kolkata Fire: कोलकाता के मिल्क कॉलोनी की बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर मौजूद

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।