Move to Jagran APP

भाजपा नेता सजल घोष की गिरफ्तारी को लेकर पत्नी ने कोर्ट में किया मामला, कोलकाता पुलिस पर लगाए आरोप

भाजपा नेता सजल घोष की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को हाई कोर्ट में मामला दर्ज किया गया। उनकी पत्नी तानिया घोष ने केस दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस पर बेवजह गिरफ्तार करने का आरोप लगाया। तानिया ने कहा इस घटना के बाद से मैं डर गई हूं।

By Vijay KumarEdited By: Updated: Mon, 23 Aug 2021 07:14 PM (IST)
Hero Image
भाजपा ने दावा किया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं के एक समूह ने क्लब में प्रवेश किया और उनकी अंधाधुंध पिटाई की।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : भाजपा नेता सजल घोष की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को हाई कोर्ट में मामला दर्ज किया गया। उनकी पत्नी तानिया घोष ने केस दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस पर बेवजह गिरफ्तार करने का आरोप लगाया। तानिया ने कहा, 'इस घटना के बाद से मैं डर गई हूं। ऐसे में किसे गिरफ्तार किया जाता है? हम चाहते हैं कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो।'

मूल रूप से सजल घोष की पत्नी तानिया ने मुआवजे और पारिवारिक सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच की मांग की है। घटना गुरुवार रात 12 अगस्त को शुरू हुई। कथित तौर पर मुचीपाड़ा थाने के सामने एक भाजपा के क्लब में हंगामा किया गया। भाजपा ने दावा किया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं के एक समूह ने क्लब में प्रवेश किया और उनकी अंधाधुंध पिटाई की। हमला बिना किसी वजह के किया गया। चीजों में तोड़फोड़ भी की। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि तृणमूल ने सभी आरोपों का खंडन किया और कहा कि सबसे पहले भाजपा ने हमला किया।

इस बीच तृणमूल ने स्थानीय भाजपा नेता सजल घोष के खिलाफ बर्बरता का आरोप लगाते हुए दो प्राथमिकी दर्ज की है। उस आरोप के मद्देनजर शुक्रवार दोपहर ओसी के नेतृत्व में मुचीपाड़ा थाने की पुलिस सजल घोष के घर पहुंची। लेकिन जब पुलिस ने दरवाजा खोलने के लिए कहा तो सजल ने उसे खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सामने आए वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि पुलिस सजल घोष के घर के दरवाजे पर लात मार रही है। सजल घोष ने कहा था कि पुलिस ने उन्हें बिना किसी दोष के गिरफ्तार किया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सजल पर डराने-धमकाने का आरोप लगाया गया है। 14 अगस्त को सजल घोष की पत्नी मुचिपारा थाने में शिकायत दर्ज कराने गई थी। हालांकि उस दिन उसने शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत लेने से इन्कार कर दिया। उसी दिन तानिया ने चेतावनी दी थी कि वह इस बार कोर्ट जाएगी। सजल घोष को 16 अगस्त को जमानत मिली थी। पिछले सोमवार को बैंकशाल कोर्ट ने सजल घोष को 20,000 रुपये के निजी मुचलके पर अंतरिम जमानत दे दी थी।

पुलिस ने सजल घोष के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज किए थे। उसके खिलाफ मुख्य आरोप यह था कि उसने अपने क्षेत्र के एक व्यापारी को हथियार दिखाकर 25,000-30,000 रुपये लूट लिए। साथ ही उन पर अभद्रता के भी आरोप लगे। क्लब में तोड़फोड़ के आरोप भी लगाए गए। लेकिन सजल घोष के परिवार ने कहा कि हथियारों से डराने-धमकाने या लूटपाट की कोई घटना नहीं हुई है। इस बार सजल घोष की पत्नी तानिया घोष ने इस मुद्दे पर कानूनी लड़ाई का मन बनाया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें