Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बंगाल की खाड़ी में पलटा ट्रॉलर, समुद्र में चार घंटे तक तैर कर आठ मछुआरों ने बचाई जान; नौ लापता

बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ने गए मछुआरों का एक ट्रालर शुक्रवार की रात दो बजे अचानक चली तेज हवा की चपेट में आने से पलट गया। ट्रालर पर सवार आठ मछुआरों ने करीब चार घंटे तक तैर कर अपनी जान बचाने सफल रहे लेकिन उनके साथी नौ अन्य मछुआरे लापता हैं। उन्हें तलाशने के लिए गोताखोरों की टीम को भेजी गई है।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sun, 22 Sep 2024 12:36 AM (IST)
Hero Image
बंगाल की खाड़ी में पलटा ट्रॉलर, समुद्र में चार घंटे तक तैर कर आठ मछुआरों ने बचाई जान

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ने गए मछुआरों का एक ट्रॉलर शुक्रवार की रात दो बजे अचानक चली तेज हवा की चपेट में आने से पलट गया। ट्रॉलर पर सवार आठ मछुआरों ने करीब चार घंटे तक तैर कर अपनी जान बचाने सफल रहे, लेकिन उनके साथी नौ अन्य मछुआरे लापता हैं।

उन्हें तलाशने के लिए गोताखोरों की टीम को भेजी गई है। बचकर लौटे मछुआरों का दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप सब-डिविजनल अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार एफबी गोविंद नामक ट्रॉलर पर सवार होकर 17 मछुआरे गहरे समुद्र में मछली पकड़ने गए थे।

सभी मछुआरे पानी में गिर गए

शुक्रवार की देर रात बाघेर टापू से करीब 60 किमी दूर समुद्र में उनका ट्रॉलर पलट गया और सभी मछुआरे पानी में गिर गए। उनमें से आठ मछुआरे चार घंटे से अधिक समय तक समुद्र में तैरते रहे और शनिवार की सुबह एक अन्य ट्रॉलर को देखकर मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी आवाज सुनकर ट्रॉलर पर सवार अन्य लोगों ने इन आठ मछुआरों को बचा लिया, लेकिन नौ का कुछ पता नहीं चला।

हवा के तेज झोंके के कारण पलटा ट्रॉलर

बचाए गए मछुआरों को शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे नामखाना घाट लाया गया। इसके बाद अस्पताल पहुंचाया गया। बचकर लौटे समीर मंडल नामक एक मछुआरे ने कहा कि रात के करीब दो बज रहे थे। अचानक हवा के तेज झोंके के कारण हमारा ट्रॉलर समुद्र में पलट गया। हमारे कुछ साथी किसी तरह से बाहर निकल आए लेकिन अन्य कहां है पता नहीं। मैं चार घंटे तक तैरता रहा।

लापता मछुआरों के परिवारों को चिंता सताने लगी

एक अन्य मछुआरे श्रीनिवास दास ने कहा कि मैं नहीं कह सकता कि हम कहां गिरे। किसी तरह मैं तैरने लगा। बाद में सुबह मैंने एक ट्रॉलर को देखा और चिल्लाया। उन्होंने हमें देख लिया और हमें बचा लिया। दूसरी ओर, समय बीतने के साथ लापता मछुआरों के परिवारों को चिंता सताने लगी है। काकद्वीप मछुआरा कल्याण संघ के सचिव बिजन मैती ने कहा कि आठ बचालिए गए लेकिन नौ मछुआरे की तलाश जारी है।