Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

फिल्म में काम दिलाने के बहाने युवती से ठगे 54 लाख रुपये, पैसे वापस मांगे तो किया सामूहिक दुष्कर्म

पश्चिम बंगाल में एक युवती को फिल्म में काम दिलाने के बहाने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दुष्कर्म का आरोप 6 लोगों पर लगा है। बाकी आरोपी फरार चल रहे हैं। ये मामला गत नौ अगस्त को हुगली जिले के गोबरा इलाके का बताया जा रहा है।

By Jagran News Edited By: Manish Negi Updated: Tue, 08 Oct 2024 08:25 PM (IST)
Hero Image
बंगाल में युवती के साथ गैंगरेप का आरोप (प्रतीकात्मक तस्वीर)

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल में फिल्म में काम दिलाने का झांसा देकर एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य चार आरोपित फरार हैं। पुलिस उन्हें तलाश रही है। यह वारदात गत नौ अगस्त को हुगली जिले के गोबरा इलाके में हुई थी।

पीड़िता की ओर से सितंबर माह में थाने में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। गिरफ्तार लोगों में मुख्य आरोपित प्रशांत सिंह भी शामिल है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रशांत ने युवती से पहले बड़े प्रोडक्शन हाउस की फिल्म में काम दिलाने के नाम पर 54 लाख रुपये लिए थे। काफी समय बीत जाने पर जब काम नहीं मिला तो युवती ने अपने रुपये वापस मांगे।

6 लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

प्रशांत रुपये लौटाने की बात कहकर युवती को गोबरा ले गया और वहां पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। प्रशांत जिस कार से युवती को गोबरा ले गया था, दीपेन उसका चालक है। जांच में पता चला है कि प्रशांत ने अपना आलीशान आफिस खोल रखा था। वह लोगों को अपना आफिस दिखाकर और टालीगंज के बड़े प्रोडक्शन हाउस के लोगों के साथ अच्छे संबंध होने का झांसा देखकर ठगता था। पीडि़ता कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले की रहने वाली है।

बंगाल में महिला की पिटाई, भीड़ ने बाल काटे

उधर, बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले में अवैध संबंध के संदेह में भीड़ ने एक महिला की पिटाई की और बाल काट दिया। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से भीड़ से महिला की जान बचाई। यह घटना बालुरघाट थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश की जा रही है।

भीड़ का आरोप था कि विवाहित होने के बावजूद महिला का अपने पड़ोसी युवक के साथ अवैध संबंध है। पति के साथ मतभेद के कारण कुछ दिनों से वह अपने पिता के घर में रह रही थी। पड़ोसी युवक की उसके घर में आवाजाही शुरू हुई। स्थानीय लोगों को दोनों के बीच अवैध संबंध होने का संदेह हुआ। फिर महिला की पिटाई करने के बाद उसके बाल काटे गए। पीडि़ता का कहना है कि उस पर गलत आरोप लगाया गया है। महिला ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें