Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'बंगाल से भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए देवी दुर्गा से करूंगा प्रार्थना', ममता सरकार पर बरसे गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बंगाल के संक्षिप्त दौरे में कोलकाता में एक दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन के मौके पर ममता बनर्जी सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधा। शाह ने कहा कि मां दुर्गा से प्रार्थना करूंगा कि बंगाल से भ्रष्टाचार अन्याय व अत्याचार जल्द समाप्त हो।

By Jagran NewsEdited By: Mohd FaisalUpdated: Tue, 17 Oct 2023 12:12 AM (IST)
Hero Image
बंगाल से भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए देवी दुर्गा से करूंगा प्रार्थना: गृह मंत्री अमित शाह (फोटो एएनआई)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बंगाल के संक्षिप्त दौरे में कोलकाता में एक दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन के मौके पर ममता बनर्जी सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधा। शाह ने कहा कि मां दुर्गा से प्रार्थना करूंगा कि बंगाल से भ्रष्टाचार, अन्याय व अत्याचार जल्द समाप्त हो।

राम मंदिर की थीम पर बनाए दुर्गा पंडाल का किया उद्घाटन

कोलकाता के प्रसिद्ध पूजा आयोजकों में शामिल संतोष मित्रा स्क्वायर दुर्गा पूजा समिति द्वारा अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर की थीम पर बनाए गए दुर्गा पंडाल का गृह मंत्री ने शाम को उद्घाटन किया। अपने संक्षिप्त संबोधन में शाह ने कहा कि बंगाल आता रहूंगा और राज्य में परिवर्तन होने तक अपनी लड़ाई जारी रखूंगा।

बंगाल में मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने आया हूं- शाह

उन्होंने आगे कहा कि आज गुजरात से छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल केवल और केवल मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने आया हूं, जिन्होंने ब्रह्मांड में हमेशा सदा शक्ति की रक्षा के लिए अनेक युद्ध करके रक्तबीज से लेकर शुंभ, निशुंभ तक अनेक आसुरी तत्वों का विनाश करने का काम किया है।

अमित शाह ने की पूजा आयोजकों की सराहना

शाह ने पंडाल के भव्य डिजाइन के लिए पूजा आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि आज इस पंडाल से पूरे विश्व में अयोध्या के भव्य राम मंदिर का संदेश जा रहा है। इस पूजा के आयोजक कोलकाता नगर निगम में पार्षद व भाजपा नेता सजल घोष हैं।

यह भी पढ़ें- LOC पर बने शारदा पीठ में 76 साल बाद हुई पूजा, खंडन से लेकर पुनर्निर्माण का बना गवाह; जानिए कितना खास है ये मंदिर

उद्घाटन के मौके पर नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी सहित पूरा प्रदेश भाजपा नेतृत्व मौजूद था। महज कुछ घंटे के लिए कोलकाता आए शाह पूजा पंडाल का उद्घाटन के बाद शाम को ही दिल्ली लौट गए।

यह भी पढ़ें- 'मैं शाम को मोदी जी को बताऊंगा कि तीन दिसंबर को छत्तीसगढ़ में कमल खिलने वाला है' राजनांदगांव में बोले अमित शाह

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें