Move to Jagran APP

Kultuli Rape Murder Case: ममता सरकार का एक्शन, बच्ची के साथ दरिंदगी मामले की जांच करेगी SIT

Kultuli Rape Murder Case दक्षिण 24 परगना जिले में 10 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले की जांच के लिए ममता सरकार ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। राज्य सरकार ने कहा है कि हम स्थानीय लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस अपराध में जो भी दोषी हैं उनको सजा दिलाएंगे।

By Jagran News Edited By: Piyush Kumar Updated: Wed, 09 Oct 2024 04:21 PM (IST)
Hero Image
Kultuli Rape Murder Case: 10 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म मामले के लिए एसआईटी गठित।(फोटो सोर्स: जागरण)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर में 10 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म व हत्या के मामले की जांच के लिए ममता सरकार ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। राज्य सरकार द्वारा बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एसआइटी का नेतृत्व बारुईपुर पुलिस जिला के एसपी पलाश चंद्र ढाली करेंगे।

लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध: राज्य सरकार 

इसके अलावा राज्य सरकार ने कहा है कि हम स्थानीय लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस अपराध में जो भी दोषी हैं, उनको सजा दिलाएंगे। इस मामले की जांच में जुटी पुलिस ने एक आरोपित को शनिवार को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार शाम को नाबालिग बच्ची जब ट्यूशन से घर लौट रही थी, उसी दौरान इस घटना को अंजाम दिया गया था। शनिवार तड़के एक तालाब के किनारे से उसका शव मिला था।

बच्ची को न्याय दिलाने के लिए हजारों लोग सड़कों पर उतर आए 

शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया था। बच्ची को न्याय दिलाने के लिए हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए गुस्साए लोगों ने शनिवार को स्थानीय महिसमारी पुलिस चौकी में तोड़फोड़ के बाद आगजनी की थी। कई पुलिस वाहनों में भी आग लगा दी थी।

दरिंदगी की शिकार बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि दुष्कर्म के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई थी। मौत की वजह गला घोंटना था और जननांगों में चोट (घाव) के निशान पाए गए हैं।

यह भी पढ़ें: दुष्कर्म के बाद गला दबाकर की गई बच्ची की हत्या, जननांगों में मिले चोट के निशान; पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें