Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kolkata: महिला डॉक्टर हत्या कांड में दिल दहला देने वाला खुलासा, शरीर में मिला 150 mg वीर्य; पुलिस ने कई अफवाहों को किया खारिज

Doctor Murder Case महिला डॉक्टर हत्या कांड में मृतका के माता-पिता ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंंने हाई कोर्ट में न्यायाधीश के सामने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से दावा किया कि पीड़िता के शरीर में 150 मिलीग्राम वीर्य मिला है। महिला डॉक्टर की मां ने मीडिया को बताया कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी उन्हें शव देखने की अनुमति नहीं दी गई।

By Jagran News Edited By: Sonu Gupta Updated: Wed, 14 Aug 2024 10:40 PM (IST)
Hero Image
कोलकाता के सरकारी आरजी कर अस्पताल की स्नातकोत्तर प्रशिक्षु महिला चिकित्सक की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के सरकारी आरजी कर अस्पताल की स्नातकोत्तर प्रशिक्षु महिला चिकित्सक का पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. सुवर्ण गोस्वामी ने दावा किया है कि मृतका के शरीर पर चोटों के निशानों से पता चलता है कि अपराध में एक से ज्यादा लोग शामिल थे।

पीड़िता के शरीर पर मिला 150 मिलीग्राम वीर्य

डॉक्टर ने कोलकाता पुलिस के शुरुआती दावों का खंडन किया है, जिसमें पुलिस का कहना था कि अपराध में केवल एक शख्स ही शामिल था। उन्होंने पीड़िता के शरीर में 150 मिलीग्राम वीर्य मिलने का दावा किया है। यह बात मृतका के माता-पिता ने भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से हाई कोर्ट में न्यायाधीश के समक्ष कही थी।

मृतका के शरीर पर मिले चोट के कई निशान

डॉ सुवर्ण गोस्वामी का कहना है कि इतनी मात्रा में वीर्य एक शख्स का नहीं हो सकता। लिहाजा आशंका है कि एक से अधिक लोगों ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था। उन्होंने कहा कि मृतका के शरीर पर कई चोट के निशान थे, जो एक क्रूर और हिंसक हमले का संकेत देते हैं।

शव दिखाने के लिए मृतका की मां को घंटों बिठाए रखा गया

दूसरी ओर महिला डॉक्टर की मां ने मीडिया को बताया कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी उन्हें शव देखने की अनुमति नहीं दी गई। मैं उनके पैरों में गिर गई, उनसे विनती की कि वे मुझे मेरी बेटी से मिलने दें। उन्होंने हमें तीन घंटे बाद दोपहर दो बजे उसका शव दिखाया। मेरे साथ एक रिश्तेदार भी थे।

पैर और धड़ को जोड़ने वाली हड्डी के टूटने की आशंका

रिश्तेदार ने कहा कि मृतका के पैर 90 डिग्री पर अलग-अलग थे। उसके शरीर पर एक भी वस्त्र नहीं था। ऐसा तब तक नहीं हो सकता जब तक कि पेल्विक गर्डल टूट न जाए। पेल्विक गर्डल दरअसल हड्डियों की बेसिन के आकार की संरचना है जो पैर और धड़ को जोड़ती है। पीड़िता के माता-पिता ने यह भी कहा है कि उन्हें विश्वसनीय स्रोतों से पता चला है कि रिकॉर्ड में ऐसे साक्ष्य मौजूद हैं जो बताते हैं कि उनकी बेटी की गला घोंटकर हत्या में कम से कम तीन व्यक्ति शामिल थे।

पीड़िता की शादी की योजना बना थे माता-पिता

परिवार के सदस्यों ने मीडिया को बताया कि पीड़िता ने उस रात अपनी मां को फोन किया और उन्हें खाना खाने के लिए कहा। एक रिश्तेदार ने कहा कि हम अगले साल उसकी शादी की योजना बना रहे थे। मालूम हो कि अस्पताल के सेमिनार हॉल से गत शुक्रवार सुबह प्रशिक्षु महिला चिकित्सक का अर्धनग्न शव बरामद किया था। महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या की बात सामने आई है। कोलकाता पुलिस ने इस घटना में संजय राय नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है।

पूर्व प्रिंसिपल पर छात्रों को शराब उपलब्ध कराने का आरोप

आरजी कर अस्पताल के पूर्व सह अधीक्षक अख्तर अली ने आरोप लगाया कि हॉस्पिटल के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. संदीप घोष बहुत भ्रष्ट व्यक्ति हैं। वह छात्रों को शराब उपलब्ध कराते थे और टेंडर ऑर्डर पर 20 प्रतिशत कमीशन लेते थे। वह अस्पताल में होने वाले हर काम में कमीशन लेते थे।

वह अपने गेस्ट हाउस में छात्रों को शराब पिलाते थे। वह एक माफिया व्यक्ति की तरह थे। वह बहुत शक्तिशाली हैं। मैंने उनके खिलाफ 2023 में शिकायत की थी। उनका इस्तीफा एक दिखावा है। उन्हें कुछ घंटे के भीतर नेशनल मेडिकल कॉलेज में प्रिंसिपल के रूप में नियुक्त किया गया।

कोलकाता पुलिस ने आरोपों को किया खंडित

वहीं, कोलकाता पुलिस ने इस मामले को गलत तरीके से संभालने के आरोपों को खंडन किया। पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर कहा कि कोलकाता पुलिस द्वारा  परिवार को संभावित आत्महत्या के बारे में सूचित करने की रिपोर्ट झूठी है।

पुलिस ने आगे कहा कि यह कॉल पुलिस की ओर से नहीं की गई थी और परिवार ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। कोलकाता पुलिस ने यह भी कहा कि उसने मृतका के शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है, बल्कि अंतिम संस्कार पीड़िता के परिवार द्वारा किया गया है। 

यह भी पढ़ेंः

Doctor Murder Case: महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले की होगी सीबीआई जांच, कलकत्ता HC ने दिया आदेश

कोलकाता में जूनियर महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी, अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला अर्धनग्न शव