Move to Jagran APP

पश्चिम बंगाल में मासूम बच्ची से हैवानियत, रेप के बाद जिंदा जलाकर मार डाला; आरोपी के शरीर पर मिले सुबूत

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी सात साल की बच्ची के साथ हैवानियत हुई है। बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसे जिंदा जलाकर मार दिया गया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मुख्य आरोपित के शरीर पर पीड़िता के नाखून के खरोंच के निशान मिले हैं। डीएनए जांच में इससे मदद मिलेगी।

By Jagran News Edited By: Manish Negi Updated: Wed, 23 Oct 2024 09:54 PM (IST)
Hero Image
सिलीगुड़ी में रेप के बाद हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पहले आरजी कर अस्पताल फिर कृष्णानगर और अब जयगांव। अलीपुरद्वार जिले के जयगांव में एक सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसे जिंदा जलाने की घटना सामने आई है।

पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।

क्या बोले पुलिस अधिकारी?

पुलिस अधीक्षक वाई. रघुवंशी ने कहा कि इस जघन्य अपराध के आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सुबूत जुटाए जा रहे हैं। मुख्य आरोपित के शरीर पर पीड़िता के नाखून के खरोंच के निशान मिले हैं। डीएनए जांच में इससे मदद मिलेगी। फोरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।

बच्ची का जला हुआ शव बरामद

स्थानीय लोगों ने बताया कि आठ दिन से लापता बच्ची का जला हुआ शव मंगलवार को बरामद किया गया। जानकारी मिलने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग में गुस्साई भीड़ ने जमकर हंगामा किया। सड़क बंदकर प्रदर्शन किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची।

दुष्कर्म के बाद जलाकर मारने का आरोप

एएसपी मानवेंद्र दास के अलावा एसडीपीओ और अन्य बड़े अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। स्वजन का कहना है कि बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसे जलाकर मार डाला गया है। जांच में जुटी पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपित बबलू मियां को गिरफ्तार किया। वही आठ दिन पहले बच्ची को अपने साथ ले गया था। उसका बच्ची के घर आना-जाना था। उसके बाद बुधवार को दो और आरोपितों की गिरफ्तारी हुई। तीनों आरोपितों को अलीपुरद्वार कोर्ट में पेश कर पुलिस ने रिमांड पर लिया है।

बीजेपी का ममता बनर्जी पर हमला

भाजपा ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला है। दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि बंगाल में कानून और व्यवस्था की स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। वह बुधवार को जब पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे तो पुलिस ने उनको रोक दिया। केंद्रीय राज्य मंत्री तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी मुख्यमंत्री को घेरा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी दुष्कर्मियों को बचाने में लगी हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।